मारुति सुजूकी इंडिया के वरिष्ठ कार्याधिकारी (मार्केटिंग ऐंड सेल्स) पार्थो बनर्जी
मारुति सुजूकी इंडिया (एमएसआईएल) की नेक्सा स्टूडियोज डीलरशिप का कुल नेक्सा बिक्री में इस समय करीब 8-10 फीसदी हिस्सा है। मारुति सुजूकी इंडिया के वरिष्ठ कार्याधिकारी (मार्केटिंग ऐंड सेल्स) पार्थो बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि वर्ष 2030-31 तक नेक्सा स्टूडियोज डीलरशिप का योगदान बढ़कर 25-30 फीसदी पर पहुंचने का अनुमान है।
नेक्सा स्टूडियोज को अगस्त 2024 में कॉम्पैक्ट रिटेल फॉर्मेट के तौर पर शुरू किया गया था। तब से कंपनी ने 530 से ज्यादा शहरों में कुल 740 से ज्यादा नेक्सा डीलरशिप में से 200 ऐसे डीलरशिप तक विस्तार किया है। बड़ा नेक्सा नेटवर्क जुलाई 2015 में मारुति के प्रीमियम रिटेल चैनल के तौर पर शुरू किया गया था। इस बीच, बनर्जी ने कहा कि कार बनाने वाली कंपनी अभी घरेलू बिक्री के लिए हर महीने लगभग 2,000 इलेक्ट्रिक कारें बना रही है। वह जुलाई तक इस स्तर को बनाए रखेगी। फिर क्षमता बढ़ाएगी। साथ ही मजबूत मांग को ध्यान में रखते हुए हर महीने उत्पादन में बदलाव लाएगी।
बनर्जी ने एक मीडिया राउंडटेबल के दौरान कहा, ‘कुछ मॉडलों की ज्यादा मांग की वजह से हम हर महीने अपने उत्पादन में बदलाव ला रहे हैं ताकि ग्राहकों के लिए डिलिवरी का वेटिंग पीरियड जितना हो सके कम हो।’ कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘ई-विटारा में लोगों की दिलचस्पी सच में बहुत ज्यादा है। हमें हर दिन 2,000-2,500 पूछताछ मिल रही हैं।’
बनर्जी ने बताया कि 2024-25 में मारुति की कुल बिक्री में से लगभग 30 प्रतिशत नेक्सा चैनल के जरिए हुई, जबकि बाकी एरिना नेटवर्क से हुई।