Representative Image
Mumbai Rains: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। शहर में हर तरफ पानी भर गया है। बारिश ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसके अलावा, रेल और फ्लाइट सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, पिछले कुछ दिनों में कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इस कारण यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने अपने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है।
‘X’ पर किया पोस्ट
इंडिगो की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ये पोस्ट किया गया है कि भारी बारिश और हवाई यातायात जाम के कारण #मुंबई में उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। कृपया अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करते रहें। कंपनी ने यात्रियों के लिए यह लिंक http://bit.ly/3DNYJqj भी शेयर की है। साथ ही यात्रियों को कहा है कि आपकी सुखद और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं!
मुंबई और पालघर में भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और पालघर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे दिनभर भारी बारिश की संभावना है। वहीं, ठाणे और नवी मुंबई (रायगढ़) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिससे और भी गंभीर परिस्थितियों का पूर्वानुमान है।
बता दें कि पिछले सप्ताह से मुंबई को भारी बारिश के कारण गंभीर जलभराव, यातायात जाम, और ट्रेन तथा उड़ानों में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को, मुंबई में भारी 300 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे ट्रेनें और यातायात प्रभावित हुए। इस बारिश के कारण लाखों यात्री हफ्ते के पहले कामकाजी दिन पर काम के लिए जाते समय फंस गए और सुबह की शिफ्ट के लिए स्कूल बंद कर दिए गए।