कंपनियां

महाराष्ट्र सरकार को मिला Air India की इमारत का स्वामित्व, 1,601 करोड़ रुपये का भुगतान किया

महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के नरीमन पॉइंट पर एयर इंडिया की इमारत को 1,601 करोड़ रुपये में खरीदा।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 14, 2024 | 3:59 PM IST

केंद्र सरकार द्वारा बृहस्पतिवार को संपत्ति के हस्तांतरण को मंजूरी देने के साथ ही महाराष्ट्र सरकार एयर इंडिया की चर्चित इमारत की मालिक बन गई है। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के नरीमन पॉइंट पर एयर इंडिया की इमारत को 1,601 करोड़ रुपये में खरीदा।

निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव तुहिन कांत पांडे ने सोशल नेटवर्किंग मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत सरकार ने एआई एसेट्स होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (एआईएएचएल) की एयर इंडिया इमारत, मुंबई को 1,601 करोड़ रुपये में महाराष्ट्र सरकार को हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है।’’

नागर विमानन मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत भारत सरकार की कंपनी एआईएएचएल की स्थापना 2019 में एयर इंडिया की गैर-प्रमुख संपत्तियों और ऋण रखने के लिए की गई थी। भूमि और भवन सहित एयर इंडिया की गैर-प्रमुख संपत्तियों का मूल्य 14,718 करोड़ रुपये था।

सरकार ने 27 जनवरी, 2022 को एयर इंडिया का स्वामित्व टाटा समूह को हस्तांतरित कर दिया था। समूह ने अक्टूबर, 2021 में एयर इंडिया को खरीदने के लिए 18,000 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी।

First Published : March 14, 2024 | 3:56 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)