एलऐंडटी फाइनैंस होल्डिंग्स का लाभ 20 फीसदी बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 2:38 AM IST

एलऐंडटी फाइनैंस होल्डिंग्स लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ जून में समाप्त पहली तिमाही में 20 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 178 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। मार्जिन व शुल्क में सुधार की बदौलत कंपनी का मुनाफा बढ़ा। पिछले साल की समान अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ 148 करोड़ रुपये रहा था। मार्च 2021 की तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 266 करोड़ रुपये रहा था।
एकीकृत आधार पर कंपनी का शुद्ध ब्याज मार्जिन और शुल्क जून तिमाही में सुधरकर 7.52 फीसदी पर पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 5.78 फीसदी रहा था। क्रमिक आधार पर यह हालांकि वित्त वर्ष 21 की चौथी तिमाही के 8.17 फीसदी के मुकाबले कम है। लॉकडाउन के बावजूद पहली तिमाही में कलेक्शन करीब तीन गुना बढ़कर 13,166 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी का प्रावधान इस अवधि में घटकर 791.46 करोड़ रुपये रह गया, जो पहली तिमाही (वित्त वर्ष 21) में 943.52 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि वित्त वर्ष 21 की चौथी तिमाही के 504.02 करोड़ रुपये के मुकाबले यह ज्यादा है। कंपनी का शेयर आज बीएसई पर 94.85 रुपये पर स्थिर बंद हुआ। महामारी का असर कंपनी की परिसंपत्ति गुणवत्त्ता पर पड़ा और उसका सकल व शुद्ध एनपीए सालाना व क्रमिक आधार पर बढ़ गया। सकल एनपीए इस अवधि में बढ़कर 5.75 फीसदी पर पहुंच गया।

First Published : July 17, 2021 | 1:45 AM IST