कंपनियां

एयर इंडिया पर डीजीसीए की बड़ी कार्रवाई, सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने पर ₹1 करोड़ का जुर्माना

आदेश में कहा गया है कि इस लापरवाही से देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन पर लोगों का भरोसा और कम हुआ है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 13, 2026 | 8:13 PM IST

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया पर 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। एयरबस विमान को बिना जरूरी उड़ान योग्यता प्रमाणपत्र के आठ बार उड़ाने की वजह से डीजीसीए ने यह कार्रवाई की हाउ। आदेश में कहा गया है कि इस लापरवाही से देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन पर लोगों का भरोसा और कम हुआ है।

रायटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एयरबस ए320 विमान ने 24 से 25 नवंबर के बीच नई दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद के बीच उड़ान भरी। जबकि उसके पास अनिवार्य एयरवर्थिनेस रिव्यू सर्टिफिकेट (ARC) नहीं था। यह प्रमाणपत्र हर साल सुरक्षा और नियमों की जांच के बाद जारी किया जाता है।

इस घटना की एयर इंडिया ने अपनी आंतरिक जांच भी की। दिसंबर में आई रिपोर्ट के अनुसार जांच में ‘सिस्टम में खामियां’ पाई गईं। एयरलाइन ने माना कि उसे अपने नियमों के पालन की संस्कृति को सुधारने की तुरंत जरूरत है।

5 फरवरी को भारतीय अधिकारियों ने एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैंपबेल विल्सन को गोपनीय दंड आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया कि इस घटना से जनता का भरोसा और कम हुआ और सुरक्षा नियमों के पालन पर भी नकारात्मक असर पड़ा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के संयुक्त महानिदेशक मनीष कुमार ने लिखा कि एयर इंडिया की ओर से जिम्मेदार प्रबंधक इन चूकों के लिए दोषी पाए गए हैं।

एयर इंडिया ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। एयरलाइन को 30 दिनों के भीतर 1 करोड़ रुपये जमा करने को कहा गया है। पिछले साल जून में एयर इंडिया को बड़ा हादसा झेलना पड़ा था, जब एक बोइंग ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी।

एयरबस वाले मामले की जांच में यह भी सामने आया कि जिन पायलटों ने आठ उड़ानें भरीं, उन्होंने उड़ान से पहले तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया। रिपोर्ट के अनुसार एयर इंडिया, जो टाटा समूह और सिंगापुर एयरलाइंस के स्वामित्व में है, को पहले भी आपातकालीन उपकरणों की जांच किए बिना विमान उड़ाने और अन्य ऑडिट खामियों को लेकर चेतावनी मिल चुकी है।

First Published : February 13, 2026 | 7:45 PM IST