कमोडिटी

Sugar Export: 10 लाख टन चीनी निर्यात को मिली मंजूरी, 5 करोड़ किसान परिवारों को होगा फायदा

Sugar Export: सरकार के इस फैसले से किसानों को भी फायदा होगा क्योंकि उन्हें गन्ने का भुगतान मिल सकेगा।

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- January 20, 2025 | 5:23 PM IST

Sugar Export: केंद्र सरकार ने सीमित मात्रा में चीनी निर्यात को मंजूरी दे दी है। जिससे घरेलू चीनी उद्योग को राहत मिली है। इसके साथ ही इस फैसले से चीनी की कीमतों में स्थिरता आएगी। सरकार के इस फैसले से किसानों को भी फायदा होगा क्योंकि उन्हें गन्ने का भुगतान मिल सकेगा। चालू चीनी सीजन में चीनी का उत्पादन बढ़ने का अनुमान है। इससे भी सरकार को चीनी निर्यात को मंजूरी देने में मदद मिली है। पिछले सीजन में चीनी की घरेलू आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए इसके निर्यात पर रोक लगा दी गई थी।

कितनी चीनी का हो सकेगा निर्यात?

केंद्र सरकार ने चीनी निर्यात की अनुमति देने की घोषणा की है। केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी के मुताबिक केंद्र सरकार ने 10 लाख टन चीनी निर्यात को मंजूरी दी है। इस चीनी का निर्यात चालू सीजन 2024-25 के दौरान किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे चीनी के दाम में स्थिरता सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही देश के 5 करोड़ किसान परिवारों को लाभ होगा। सरकार के इस फैसले का 5 लाख श्रमिकों को भी लाभ मिलेगा। साथ ही चीनी उद्योग भी मजबूत होगा। केंद्र सरकार ने चीनी सीजन 2023-24 में चीनी की घरेलू आपूर्ति संबंधी चिंताओं को देखते हुए इसके निर्यात पर पूर्ण पाबंदी लगा दी थी।

Also read: UP: खाद्य तेलों की मंहगाई पर व्यापारियों का हल्ला बोल, आयात शुल्क घटाने की मांग

चालू सीजन में कितना होगा चीनी का उत्पादन?

इस साल देश में चीनी का उत्पादन बढ़ने का अनुमान है। चीनी उद्योग Indian Sugar Mills Association (ISMA) के अनुसार चालू चीनी सीजन (अक्टूबर से सितंबर) में भारत का चीनी उत्पादन 320 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है। पिछले सीजन में 300.77 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। जाहिर है चालू सीजन में चीनी का उत्पादन पिछले सीजन की तुलना में करीब 6 फीसदी से अधिक बढ़ने का अनुमान है। चालू सीजन में 320 लाख टन चीनी उत्पादन में 280 से 290 लाख टन घरेलू खपत के लिए है। बाकी चीनी का उपयोग एथनॉल उत्पादन के लिए होने की संभावना है।

First Published : January 20, 2025 | 5:18 PM IST