Gold prices at Rs 1 lakh : घरेलू स्पॉट मार्केट में मंगलवार (22 अप्रैल) को सोने ने पहली बार 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड लेवल को छू लिया। घरेलू फ्यचर्स मार्केट यानी (MCX) पर भी सोना 1 लाख के स्तर के बेहद करीब है। सोना को 10 हजार से 1 लाख तक पहुंचने में 19 साल लगे हैं। MCX पर 5 मई 2006 को इसने पहली बार 10 हजार के स्तर को छुआ था। उधर ग्लोबल मार्केट में सोने ने आज रिकॉर्ड 3,500 डॉलर प्रति औंस के लेवल को फतह कर लिया। इस साल सोना अब तक 33 फीसदी मजबूत हुआ है।
सोने की कीमतों में यह तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल की आलोचना किए जाने के बाद बतौर सुरक्षित विकल्प (safe-haven) इस बेशकीमती धातु की मांग में और इजाफा होने की वजह से आई है। ग्लोबल लेवल पर खासकर अमेरिका और चीन के बीच छिड़े ट्रेड वॉर के मद्देनजर जो अनिश्चितता की स्थिति बनी है उसमें बतौर सुरक्षित विकल्प (safe-haven) सोने की मांग पहले से ही मजबूत बनी हुई है।
साथ ही अमेरिकी डॉलर में लगातार कमजोरी ने भी इस बेशकीमती धातु की कीमतों को परवान चढ़ाने में मदद की है। अमेरिकी डॉलर इंडेक्स (US Dollar Index) फिलहाल 3 साल से ज्यादा (मार्च 2022) के अपने लो पर है। सोमवार को यह 97.92 तक नीचे चला गया था। अमेरिकी डॉलर इंडेक्स इस साल अब तक 9 फीसदी से ज्यादा कमजोर हुआ है। जब अमेरिकी डॉलर कमजोर होता है तो सोना उन खरीदारों के लिए सस्ता हो जाता है जो इसे किसी अन्य करेंसी में खरीदना चाहते हैं। इससे सोने की मांग बढ़ सकती है और कीमतों में इजाफा हो सकता है।
Also Read: सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड को मैच्योरिटी से पहले बेचकर बॉन्ड धारक हुए मालामाल !
ब्याज दरों में कटौती की संभावना, अमेरिका सहित दुनिया की अर्थव्यवस्था में स्लोडाउन और महंगाई के बढ़ने की आशंका के मद्देनजर ज्यादातर जानकार सोने को लेकर फिलहाल बेहद बुलिश हैं।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ अटैक के चलते पहले से ही छिड़ी ट्रेड वॉर के बीच अब उनके फेड प्रमुख पर बयानों से हलचल बढ़ गई है। ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर एक पोस्ट में पॉलिसी रेट में कटौती नहीं करने के लिए जेरोम पॉवेल की आलोचना की। ट्रंप ने पॉवेल पर निशाना साधना बीते गुरुवार से ही शुरू कर दिया था, जब ओवल ऑफिस में उन्होंने कहा था, ‘अगर मैं उन्हें बाहर करना चाहता हूं, तो वे बहुत जल्दी बाहर हो जाएंगे, मेरा विश्वास करें, मैं उनसे खुश नहीं हूं।’ उन्होंने सोमवार को एक बार फिर फेड प्रमुख पर निशाना साधा और अपनी पोस्ट में पॉवेल के लिए लिखा, ‘मिस्टर टू लेट, अ मेजर लूजर।’
घरेलू स्पॉट मार्केट
Indian Bullion and Jewellers Association (IBJA) के मुताबिक स्पॉट (हाजिर) मार्केट में सोना 24 कैरेट (999) मंगलवार को शुरुआती कारोबार में पिछले कारोबारी दिन (सोमवार) की क्लोजिंग के मुकाबले 3,330 रुपये उछलकर 1,00,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड भाव पर दर्ज किया गया। सोमवार) को कारोबार की समाप्ति पर यह 96,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर देखा गया था।
स्पॉट गोल्ड (Rupees/10 gm)
गोल्ड | 21 अप्रैल 2025 (क्लोजिंग प्राइस/ 10 ग्राम) | 22 अप्रैल 2025 (ओपनिंग प्राइस/10 ग्राम) | बदलाव |
गोल्ड 24 कैरेट (999 ) | 96,670 | 1,00,000 | +3,330 |
गोल्ड 24 कैरेट (995) | 96,282 | 98,703 | +2,421 |
गोल्ड 22 कैरेट (916) | 88,550 | 91,600 | +3,050 |
सिल्वर/kg | 96,242 | 95,900 | -342 |
Source: IBJA
घरेलू फ्यूचर्स मार्केट
घरेलू फ्यूचर्स मार्केट एमसीएक्स (MCX) पर सोने का बेंचमार्क जून कॉन्ट्रैक्ट मंगलवारको दोपहर के कारोबार (12:40 PM IST) में 1,731 रुपये यानी 1.78 फीसदी की तेजी के साथ 99,010 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर है। इससे पहले यह आज 98,753 रुपये पर खुला और कारोबार के दौरान 99,358 रुपये के रिकॉर्ड हाई और 98,551 रुपये के लो के बीच कारोबार किया ।
गोल्ड फ्यूचर (Rupees/10 gm)
तारीख | कॉन्ट्रैक्ट | पिछला क्लोजिंग | ओपनिंग | इंट्राडे हाई | इंट्राडे लो | लास्ट ट्रेडिंग प्राइस | बदलाव |
22 अप्रैल 2025 | गोल्ड जून कॉन्ट्रैक्ट | 97,279 | 98,753 | 99,358 | 98,551 | 99,010 | +1,731 (+1.78%) |
(Source: MCX 12:40 pm IST)
ग्लोबल मार्केट
ग्लोबल मार्केट में बेंचमार्क स्पॉट गोल्ड (spot gold) कारोबार के दौरान आज रिकॉर्ड 3,500.05 डॉलर प्रति औंस तक ऊपर और 3,413.12 डॉलर प्रति औंस तक नीचे गया। फिलहाल यह 1.84 फीसदी की तेजी के साथ 3,487.43 डॉलर प्रति औंस पर है। इसी तरह बेंचमार्क यूएस जून गोल्ड फ्यूचर्स (Gold COMEX JUN′25) भी आज कारोबार के दौरान रिकॉर्ड 3,509.90 डॉलर और 3,423.90 डॉलर प्रति औंस के रेंज में रहा। फिलहाल यह 1.74 फीसदी की मजबूती के साथ 3,485 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।
इंटरनेशनल गोल्ड (USD/ounce)
तारीख | गोल्ड | पिछला क्लोजिंग | ओपनिंग | इंट्राडे हाई | इंट्राडे लो | लास्ट ट्रेडिंग प्राइस | बदलाव |
22 अप्रैल 2025 | गोल्ड जून कॉन्ट्रैक्ट (COMEX) | 3,425.30 | 3,435.10 | 3,509.90 | 3,423.90 | 3,480 | +54.70 (+1.60%) |
22 अप्रैल 2025 | स्पॉट गोल्ड | 3,424.30 | 3,424.30 | 3,500.05 | 3,413.12 | 3,470.09 | +45.79 (+1.34%) |
Source: Bloomberg (1:45 PM IST)