राजनीति

CM केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन पर खर्च हुए 45 करोड़ रुपये, विदेश से इंपोर्ट हुआ मार्बल; बीजेपी-कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा

Published by
बीएस वेब टीम
Last Updated- April 26, 2023 | 3:09 PM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बड़ा आरोप लगा है। आम आदमी पार्टी (AAP) के फाउंडर पर दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घर के डेकोरेशन पर 45 करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने सरकारी बंगले और ऑफिस दोनों को सजाने के लिए 45 करोड़ रुपए खर्च किए। केजरीवाल एक घर में नहीं बल्कि एक शीश महल रहते हैं। केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए।

टाइम्स नाउ नवभारत के ऑपरेशन शीशमहल रिपोर्ट के मुताबिक, केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन पर 45 करोड़ खर्च हुए हैं। यह भी बताया गया कि यह रेनेवोशन उस समय हो रहा था जब दिल्ली कोरोना की भीषण महामारी से जूझ रहा था।

इसके अलावा रिपोर्ट में कहा गया है कि सीएम आवास में एक पर्दे की कीमत 8 लाख रुपये है। इस तरह कुल 23 पर्दों का ऑर्डर दिया गया था। कुछ लग चुके हैं वहीं कुछ बाकी हैं। वहीं केजरीवाल के सरकारी आवास में जो मार्बल लगा है वह भारत से नहीं बल्कि विदेश से इंपोर्ट किया गया है।

वहीं दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की सादगी और ईमानदारी बेनकाब हो गई है। उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

कांग्रेस नेता बोले-केजरीवाल को पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं

कांग्रेस नेता अजय माकन ने केजरीवाल के लोक सेवक के पद पर बने रहने के अधिकार पर सवाल उठाया। अजय माकन ने मुख्यमंत्री केजरीवाल का पुराना शपथ पत्र याद दिलाया है। उन्होंने लिखा कि केजरीवाल साहब ने अपने बंगले पर जनता के 45 करोड़ रुपए खर्च किए। आरोप है की Dior पालिश के वियतनाम मार्बल, करोड़ों के पर्दे, करोड़ों के कालीन लगाए गए।

First Published : April 26, 2023 | 9:53 AM IST