महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है, ऐसे में राज्य सरकार ने कोविड-19 की पाबंदियों को और सख्त बनाने का निर्णय किया है। शुक्रवार से राज्य के मॉल और मल्टीप्लेक्सों पर फिर से ताला जड़ सकता है और दुकानों के खोलने का समय भी सीमित किया जा सकता है। हालांकि मुंबई में यथास्थिति बनी रह सकती है क्योंकि यहां मॉल और मल्टीप्लेक्स पहले से ही बंद हैं।
महाराष्ट्र के मुख्य सचिव सीताराम कुंटे ने कोरोना के नए स्वरूप डेल्टा प्लस के खतरे और अगले 4 से 6 हफ्तों में महामारी की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए नया आदेश जारी किया है। राज्य में नई सख्ती का ऐलान ऐसे समय में किया गया है जब वहां 3 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
राज्य सरकार ने जून की शुरुआत में अनलॉक के लिए स्तरबद्घ नीति बनाई थी और संक्रमण दर के हिसाब से हर जिले के लिए स्तर तय किया था और उसी के अनुसार लॉकडाउन में ढील दी गई थी। जिलों को 1 से 5 स्तर में वर्गीकृत किया गया था। लेकिन अब तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए सरकार ने अनलॉक की अपनी इस नीति में बदलाव किया है। नए आदेश का असर ठाणे, पुणे और नागपुर जैसे शहरों में ज्यादा दिखेगा क्योंकि यहां मुंबई की तुलना में ज्यादा ढील दी गई थी। मुंबई में अभी स्तर 3 की पाबंदियां हैं। दुकानें, रेस्टोरेंट और सैलून आदि को 4 बजे तक खोलने की अनुमति है। 4 और 5 स्तर वाले जिलों में ज्यादा सख्ती है।