उत्तर प्रदेश में कोरोना संकट के दौर में ही उपचुनावों को लेकर बिसात सजने लगी है। जिन आठ जिलों में विधानसभा उपचुनाव होने हैं प्रदेश की योगी सरकार ने उन्हें बिजली कटौती से मुक्त कर दिया है। उपचुनाव वाले जिलों के प्रभारी मंत्रियों से वहां विकास के काम प्राथमिकता के आधार पर अगले एक महीने में पूरा करने के लिए कहा गया है। प्रभारी मंत्रियों से अब से लेकर एक महीने तक उपचुनाव वाले क्षेत्रों में ही डेरा डालने को कहा गया है। प्रदेश में फिरोजाबाद की टूंडला, रामपुर की स्वार, उन्नाव की बांगरमऊ, जौनपुर की मल्हनी, देवरिया सदर, बुलंदशहर सदर, कानपुर देहात की घाटमपुर और अमरोहा की नौगवां सादात सीटों पर उपचुनाव होने हैं। विधानसभा चुनावों से पहले हो रहे इन उपचुनावों को जीत योगी सरकार विपक्ष और जनता को बड़ा संदेश देना चाहती है। इन आठ सीटों में स्वार रामपुर और मल्हनी जौनपुर को छोड़ कर छह सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का कब्जा था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपचुनाव वाले जिलों के प्रभारी मंत्रियों के साथ बैठक में कहा कि भाजपा के कब्जे वाली छह सीटों के साथ ही स्वार और मल्हनी को भी समाजवादी पार्टी से छीनने की रणनीति पर काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपचुनावों वाले जिलों में अब से 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी। इन जिलों में विकास के जो भी काम बच गए हैं उन्हें प्रभारी मंत्री दौर कर पूरा करवाएं और स्थानीय कार्यकर्ताओं की मांग होने पर जरूरी काम करवाए जाएं। प्रभारी मंत्रियों से लगातार उपचुनाव वाले क्षेत्रों को दौरा करने के साथ वहां रात गुजारने के लिए भी कहा गया है। भाजपा ने प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को टूंडला फिरोजाबाद, जल संसाधन मंत्री महेंद्र सिंह को बांगरमऊ उन्नाव, राज्यमंत्री विजय कश्यप को नौगवां सादात अमरोहा, बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी को देवरिया सदर, राज्यमंत्री महेश गुप्ता को स्वार रामपुर, मंत्री कपिलदेव अग्रवाल को बुलंदशहर सदर और मंत्री अनिल राजभर को मल्हनी जौनपुर का प्रभारी बनाया है। प्रदेश की आठ विधानसभा सीटों पर अगले महीने उपचुनाव होना है। कांग्रेस ने इन सीटों पर प्रत्याशी तय करने के लिए कमेटी बनाई है। भाजपा में भी चयन को लेकर बैठक हो चुकी है। कांग्रेस का जोर स्वार रामपुर, बांगरमऊ उन्नाव और घाटमपुर कानपुर पर ज्यादा है।