TCS BSNL 4G deal
TCS को भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) से ₹2,903.22 करोड़ का एडवांस परचेज ऑर्डर (APO) मिला है। इस बड़े ऑर्डर के तहत TCS को देश के अलग-अलग हिस्सों में 18,685 साइट्स पर 4G नेटवर्क लगाने और उसका रखरखाव करने का काम मिलेगा। कंपनी ने बुधवार को इसकी जानकारी शेयर बाजार को दी। APO में नेटवर्क से जुड़े कई काम शामिल हैं- जैसे प्लानिंग, इंजीनियरिंग, सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग, कमिशनिंग और सालाना मेंटेनेंस। हालांकि यह आखिरी खरीद ऑर्डर नहीं है। जब APO में तय शर्तें और ज़रूरी दस्तावेज पूरे हो जाएंगे, तब फाइनल डील होगी।
Advance Purchase Order (APO) एक तरह का शुरुआती वादा होता है, जो खरीदार (यहां BSNL) विक्रेता (यहां TCS) को देता है। इसमें बताया जाता है कि कंपनी भविष्य में ऑर्डर देने का इरादा रखती है। इसमें काम की जानकारी, कीमत और शर्तें होती हैं, लेकिन इसे फाइनल कॉन्ट्रैक्ट नहीं माना जाता। फाइनल ऑर्डर बाद में जारी होता है।
BSNL पिछले कई सालों से बाज़ार में पिछड़ता आ रहा है, लेकिन मार्च 2025 में कंपनी ने 49,177 नए मोबाइल यूज़र जोड़कर हल्की वापसी के संकेत दिए। यह जानकारी टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने दी है। हालांकि, 2024 के अंत में BSNL की यूज़र ग्रोथ धीमी पड़ गई थी। TCS के साथ यह नया APO पहले से चली आ रही डील का विस्तार है और BSNL के लिए अपने 4G नेटवर्क को मजबूत करने का एक बड़ा मौका है।
यह डील TCS के लिए भी खास है। कंपनी को उम्मीद है कि भारत में 4G की तेज़ी से बढ़ती मांग और भविष्य में 5G की तैयारी के बीच यह डील उसके टेलीकॉम कारोबार को मजबूत बनाएगी और कमाई का अहम जरिया बनेगी। BSNL की योजना है कि वह जून 2025 तक देशभर में 1 लाख 4G टावर लगा दे। इस लक्ष्य को पाने में TCS की मदद अहम होगी।
हालांकि BSNL अभी भी प्राइवेट कंपनियों से पीछे है। मार्च में Reliance Jio ने सबसे ज़्यादा 21.7 लाख नए यूज़र्स जोड़े, जो उस महीने की कुल ग्रोथ का 74% है। Airtel ने 12.5 लाख नए ग्राहक जोड़े जबकि Vodafone Idea (Vi) के 5.4 लाख यूज़र कम हुए। TCS के शेयर में बुधवार को हल्की तेजी देखी गई। शेयर 0.91% बढ़कर ₹3,529.75 पर बंद हुआ।