आर्थिक मंदी के कारण अगर किसी शहर में सबसे अधिक लोगों ने नौकरियां खोयी हैं तो उसमें मुंबई और दिल्ली के बाद अहमदाबाद का भी स्थान है।
महानगरों के बाद इस शहर में सबसे अधिक लोगों पर मंदी की गाज गिरी है। यह खुलासा हाल ही में टीमलीज सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किए गए एक सर्वे ‘चेंजिंग एक्सपेक्टेशंस ऐट वर्कप्लेस’ में हुआ है।
टीमलीज ने जिन 350 प्रतिभागियों को इस सर्वे के लिए चुना था, उनमें से 30 अहमदाबाद के थे। इस सर्वे में अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और पुणे शहर के प्रतिभागियों को शामिल किया गया था।
सर्वे में कर्मचारियों के साथ साथ मानव संसाधन (एचआर) कर्मियों को भी शामिल किया गया था। सर्वे में 22 से 45 आयु वर्ग के कर्मचारी शरीक थे जो सेल्स, मार्केटिंग, बिजनेस डेवलपमेंट, फाइनैंस, एचआर, जैसे अलग विभागों से ताल्लुक रखते थे।
सर्वे में मुंबई के 52 फीसदी प्रतिभागियों ने बताया कि मंदी की वजह से उन्हें नौकरी खोनी पड़ी है। वहीं दिल्ली और अहमदाबाद में 43 फीसदी लोगों को इस वजह से नौकरी से हाथ धोना पड़ा था।
सर्वे से पता चलता है कि जिन विभागों से सबसे अधिक लोगों को निकाला गया उनमें सेल्स, मार्केटिंग, बिजनेस डेवलपमेंट और ऑपरेशंस शामिल हैं। सर्वे में पता चला है कि कुछ समय पहले जो बाजार कर्मचारियों के मुफीद हुआ करता था अब वह नियोक्ताओं के अनुकूल हो गया है।
