Representative Image
Stocks To Watch Today, July 23: भारतीय शेयर बाजार 23 जुलाई को कई अहम कॉर्पोरेट घटनाक्रम और कंपनियों के तिमाही नतीजों के चलते हलचल में रह सकते हैं। निवेशकों की निगाहें खासतौर पर पेटीएम, ओएनजीसी, IRFC, इंफोसिस, टाटा कंज़्यूमर, समेत कई अन्य स्टॉक्स पर रहेंगी।
कल के कारोबार में शेयर मार्केट लाल निशान में बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स ने मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 300 अंकों से ज्यादा की मजबूती दिखाई और 82,527.43 के स्तर पर खुला। दिन के दौरान यह सूचकांक 82,538.17 के उच्चतम स्तर और 82,110 के निचले स्तर तक गया। हालांकि, दिन के अंत में यह शुरुआती बढ़त गंवाकर 13.53 अंक या 0.02% की मामूली गिरावट के साथ 82,186.81 पर बंद हुआ।
उधर, एनएसई का निफ्टी-50 भी दिन की शुरुआत में मजबूती के साथ 25,166 के स्तर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 25,182 के उच्च स्तर और 25,035 के निचले स्तर तक फिसला। अंत में निफ्टी 29.80 अंक या 0.12% की गिरावट के साथ 25,060 के स्तर पर बंद हुआ।
आइए, चेक करते हैं आज किन कंपनियों के स्टॉक्स पर निवेशकों की निगाहें रहेंगी…
आज जिन कंपनियों के नतीजे आने हैं, उनमें Infosys, Tata Consumer Products, Dr. Reddy’s Labs, Bajaj Housing, SRF, Persistent Systems, Oracle Financial Services, Coforge, Syngene International, Aditya Birla Renewables, FM, Bikaji Foods, Mahindra Scooters, PCBL Chemical, Supreme Petrochem, Syrma SGS, Tata Teleservices और Westlife Food शामिल हैं।
पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में ₹122.5 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। यह कंपनी का पहला मुनाफेदार तिमाही नतीजा है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में ₹839 करोड़ का घाटा हुआ था। मुनाफे में यह सुधार अन्य आय (Other Income) के बढ़कर ₹241 करोड़ होने से हुआ है, जो पिछली बार ₹138 करोड़ थी। वहीं, कंपनी की कुल आय 27.7% की बढ़ोतरी के साथ ₹1,917.5 करोड़ पहुंच गई।
रूस की बड़ी ऊर्जा कंपनी रोसनेफ्ट भारत की नायरा एनर्जी में अपनी हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है, लेकिन यूरोपीय संघ द्वारा हाल ही में लगाए गए नए प्रतिबंधों के चलते यह सौदा अटक सकता है। ये प्रतिबंध विशेष रूप से रूस के तेल सेक्टर को निशाना बनाते हैं, और इसी वजह से नायरा एनर्जी भी प्रभावित कंपनियों की सूची में आ गई है।
गुजरात के वाडिनार में देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी चलाने वाली नायरा एनर्जी में रोसनेफ्ट की हिस्सेदारी 49.13 फीसदी है। कंपनी इस हिस्सेदारी से बाहर निकलना चाहती है और खबरों के अनुसार, नायरा एनर्जी का कुल मूल्यांकन करीब 17 अरब डॉलर (लगभग ₹1.4 लाख करोड़) आंका गया है।
जोमैटो (Zomato) और ब्लिंकइट (Blinkit) की पैरेंट कंपनी इटरनल का शेयर मंगलवार को जोरदार तेजी के साथ अपने अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। बीएसई पर शेयर 14.8 फीसदी की उछाल के साथ 311.6 रुपये तक चढ़ गया, जिससे इसका बाजार पूंजीकरण intraday ट्रेडिंग के दौरान 3 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया। हालांकि कारोबारी सत्र के अंत में इसमें थोड़ी गिरावट आई और शेयर 10.56 फीसदी बढ़कर 299.85 रुपये पर बंद हुआ।
यह तेजी कंपनी द्वारा सोमवार को जारी की गई पहली तिमाही की वित्तीय रिपोर्ट के बाद देखने को मिली। वहीं, बीएसई सेंसेक्स हल्की कमजोरी के साथ 0.02 फीसदी गिरकर 82,186.81 के स्तर पर बंद हुआ।
तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) ने मोजाम्बिक के एरिया-1 एलएनजी प्रोजेक्ट के लिए ₹5,082 करोड़ तक के निवेश को मंजूरी दी है, जो वित्त वर्ष 2026-27 के बीच खर्च किया जाएगा। यह निवेश ओएनजीसी की सहायक कंपनियों — ओएनजीसी विदेश रोवुमा और बीस रोवुमा एनर्जी मोजाम्बिक के ज़रिए किया जाएगा, जो इस प्रोजेक्ट में 16% हिस्सेदारी रखती हैं।
डिक्सन टेक्नोलॉजीज ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी की रेवेन्यू सालाना आधार पर 95% बढ़कर ₹12,835 करोड़ हो गई। ईबीआईटीडीए में 97% की बढ़त के साथ यह ₹482.4 करोड़ रहा, जबकि नेट प्रॉफिट 69% बढ़कर ₹225 करोड़ पहुंच गया। इस ग्रोथ के पीछे मोबाइल निर्माण और टेलीकॉम व आईटी हार्डवेयर से मिलने वाला योगदान प्रमुख रहा।
जीएसटी अधिकारियों ने हुंदै मोटर इंडिया को 517 करोड़ रुपये की टैक्स मांग संबंधी नोटिस जारी किया है। इस राशि में 258 करोड़ रुपये का मुआवजा उपकर (Compensation Cess) और इतनी ही राशि का जुर्माना शामिल है। यह मामला सितंबर 2017 से मार्च 2020 के बीच बेचे गए एसयूवी मॉडलों पर कथित रूप से कम टैक्स अदा करने से जुड़ा है।
इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRFC) ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 11% की बढ़ोतरी के साथ 1,746 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। इस दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 6,918 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में 6,766 करोड़ रुपये थी। मुनाफे में यह वृद्धि मुख्य रूप से ब्याज मार्जिन में सुधार के चलते दर्ज की गई है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज ने जून 2025 में समाप्त तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी ने बताया कि इस तिमाही में उसका शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 3% बढ़कर 530 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। हालांकि, पिछली तिमाही की तुलना में इसमें 6% की गिरावट दर्ज की गई है। यह जानकारी कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिए दी।
तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय 18% की सालाना बढ़ोतरी के साथ 4,438 करोड़ रुपये रही। वहीं, खर्चों में 22% की बढ़ोतरी हुई और यह 3,744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी 18% बढ़कर 2,285 करोड़ रुपये हो गई है।
हालांकि, क्रेडिट कॉस्ट में बढ़ोतरी देखने को मिली है। यह पिछले साल की समान अवधि के 448 करोड़ रुपये से बढ़कर इस बार 660 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।