आज का अखबार

महिंद्रा ऐंड महिंद्रा को अमेरिकी ट्रैक्टर बाजार में दिख रहे सुधार के संकेत

जेजुरिकर ने कहा कि कंपनी के पास अमेरिका के गोदामों में उत्पाद उपलब्ध हैं, जिसे एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी होने के बाद वह बाजार में आपूर्ति करना शुरू कर देगी।

Published by
सोहिनी दास   
Last Updated- February 12, 2026 | 10:18 PM IST

भारत की सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता कंपनी महिंद्रा ऐंड महिंद्रा (एमऐंडएम) को उम्मीद है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में प्रगति होने से अमेरिकी बाजार में जल्द सुधार के संकेत दिखेंगे।

कंपनी के तीसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी (ऑटो एंड फार्म सेक्टर) राजेश जेजुरिकर ने कहा कि पिछले आठ से नौ महीने ऊंचे टैरिफ के कारण अमेरिकी बाजार के लिए चुनौतीपूर्ण रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमने 50 प्रतिशत टैरिफ पर बिक्री रोक दी और केवल वही बेचा जो बाजार में बिल्कुल जरूरी था, जबकि व्यापार समझौते के मुद्दे के समाधान की उम्मीद कर रहे थे, जो अब हो गया है।’

जेजुरिकर ने कहा कि कंपनी के पास अमेरिका के गोदामों में उत्पाद उपलब्ध हैं, जिसे एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी होने के बाद वह बाजार में आपूर्ति करना शुरू कर देगी।

उन्होंने कहा, ‘अब 18 प्रतिशत टैरिफ के साथ, हम अमेरिका में ट्रैक्टर निर्यात करने वाले अन्य देशों के साथ उचित रूप से प्रतिस्पर्धी बन गए हैं। पहले, अधिकांश देश 15 प्रतिशत टैरिफ पर थे, जबकि हम 50 प्रतिशत पर, जिसने हमें गैर-प्रतिस्पर्धी बना दिया और इससे कुछ हद तक बिक्री को नुकसान हुआ।’

एमऐंडएम ने वित्त वर्ष 2026 के पहले 10 महीनों के दौरान लगभग 17,000 ट्रैक्टर निर्यात किए। कंपनी उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका, अफ्रीका, एशिया-पैसिफिक और सार्क देशों, यूरोप के कुछ हिस्सों और मध्य पूर्व के लगभग 50 देशों को निर्यात करती है।

First Published : February 12, 2026 | 10:14 PM IST