शेयर बाजार

Stock Market Update: शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स -निफ्टी सपाट; मेटल शेयरों में खरीदारी

Stock Market Update: आईटी शेयरों में लगातार गिरावट से बाजार में दबाव दिख रहा है। बाजार के एक्सपर्ट्स के अनुसार, निफ्टी 50 ने डेली चार्ट पर एक अच्छा पॉजिटिव कैंडल बनाया है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- February 18, 2026 | 9:30 AM IST

Stock Market Update, February 18: एशियाई बाजारों से सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (18 फरवरी) को मामूली बढ़त में खुले। मेटल और सरकारी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला रहा है। जबकि आईटी शेयरों में लगातार गिरावट से बाजार में दबाव दिख रहा है। बाजार के एक्सपर्ट्स के अनुसार, निफ्टी 50 ने डेली चार्ट पर एक अच्छा पॉजिटिव कैंडल बनाया है। जिसमें ऊपर और नीचे हल्की शैडो दिखाई दी है। तकनीकी रूप से देखें तो यह बाजार की चाल बताती है कि पिछली तेजी के बाद अब बाजार थोड़ा ठहर रहा है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 100 से ज्यादा अंक चढ़कर 83,553 पर खुला। खुलने के बाद इंडेक्स में सपाट चाल देखी जा रही है। सुबह 9:24 बजे यह 35.33 अंक या 0.04 प्रतिशत की बढ़त लेकर 83,415.63 पर ट्रेड कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 25,752 पर खुला और खुलने के कुछ देर में 25,700 के नीचे फिसल गया। सुबह 9:29 बजे यह 1.25 अंक की मामूली गिरावट लेकर 25,724.15 पर ट्रेड कर रहा था।

यह भी पढ़ें | Stocks To Watch Today: कमाई का मौका या बड़ा रिस्क? आज इन स्टॉक्स में दिखेगा एक्शन

Global Markets

भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों को एशिया बाजारों में आई तेजी से भी सहारा मिल सकता है। जापान का निक्केई 225 करीब 0.98 प्रतिशत और ऑस्ट्रेलिया का S&P ASX करीब 0.28 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहे थे। चीन (मेनलैंड), हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण बंद रहे।

वहीं, अमेरिका के वॉल स्ट्रीट में रात को शेयर बाजार हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के असर को लेकर चिंता बनी रही। निवेशक सोच रहे हैं कि यह तकनीक अर्थव्यवस्था पर क्या प्रभाव डालेगी और इस पर किया जा रहा भारी खर्च क्या आगे चलकर अच्छा फायदा दे पाएगा या नहीं। अमेरिका में S&P 500 इंडेक्स 0.1 प्रतिशत और नैस्डैक कंपोजिट 0.14 प्रतिशत बढ़कर बंद हुए। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज भी 0.07 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ।

IPO अपडेट

फ्रैक्टल इंडस्ट्रीज आईपीओ को अप्लाई करने का आज अंतिम दिन है। मंगलवार को इस इश्यू को 2.09 गुना सब्सक्राइब किया गया। फ्रैक्टल इंडस्ट्रीज का आईपीओ 49 करोड़ रुपये का बुकबिल्ड इश्यू है जिसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) कंपोनेंट शामिल नहीं है। आईपीओ के 19 फरवरी तक फाइनल होने की उम्मीद है और यह 23 फरवरी को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हो सकता है।

First Published : February 18, 2026 | 8:16 AM IST