अंतरराष्ट्रीय

बांग्लादेश के पीएम बने तारिक रहमान, भारत आने का न्योता

अधिकारियों ने बताया कि यह निमंत्रण लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा ढाका में रहमान से मुलाकात के दौरान सौंपे गए पत्र के माध्यम से दिया गया

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- February 17, 2026 | 11:15 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत आने का निमंत्रण दिया है और उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने बताया कि यह निमंत्रण लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा ढाका में रहमान से मुलाकात के दौरान सौंपे गए पत्र के माध्यम से दिया गया। तारिक रहमान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। इसके साथ ही नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस नीत अंतरिम सरकार का 18 महीने से जारी शासन समाप्त हो गया, जिन्होंने शेख हसीना नीत अवामी लीग सरकार के सत्ता से बेदखल होने के बाद अंतरिम सरकार की बागडोर संभाली थी।

राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत जियाउर रहमान के पुत्र तारिक रहमान (60) को परंपरा से हटते हुए बंगभवन के बजाय जातीय संसद के ‘साउथ प्लाजा’ में पद की शपथ दिलाई। आम चुनावों में अपनी पार्टी को शानदार जीत दिलाने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री बने तारिक रहमान ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री के तौर पर कानून के अनुसार कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करूंगा।’

रहमान 17 वर्षों तक स्वनिर्वासन में लंदन में रहने के बाद दो महीने पहले ही स्वदेश लौटे थे। खालिदा जिया का पिछले साल 30 दिसंबर को निधन हो गया था।

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के बाद ओम बिरला ने कहा कि भारत, बांग्लादेश को एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र के निर्माण के प्रयासों में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है।

भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह ने कहा कि नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद हुई शिष्टाचार भेंट में प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं। लोक सभा अध्यक्ष ने भी उन्हें भारत आने का निमंत्रण और शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने बांग्लादेश और भारत की जनता के कल्याण के लिए जनकेन्द्रित सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने की इच्छा जताई। समारोह से इतर ओम बिरला ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे समेत कई वै​श्विक नेताओं से मुलाकात की।

बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया था, लेकिन मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रों के साथ पूर्व निर्धारित वार्ता के कारण वह इस समारोह में शामिल नहीं हो सके। उनकी जगह लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ढाका गए। ओम बिरला ने कहा कि तारिक रहमान के शपथ ग्रहण का यह अवसर दोनों पड़ोसी देशों के बीच जन-से-जन संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करेगा। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्री तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बांग्लादेश में 12 फरवरी को हुए चुनावों में तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नैशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) 49.97 प्रतिशत मत और 209 सीटें हासिल कर दो-तिहाई बहुमत प्राप्त किया। कुल 31.76 प्रतिशत मत और 68 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही जमात-ए-इस्लामी का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

First Published : February 17, 2026 | 11:07 PM IST