बाजार

Closing Bell: शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 144 अंक चढ़ा, निफ्टी 17,600 पर

Published by
बीएस वेब टीम
Last Updated- April 06, 2023 | 5:36 PM IST

वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के कारण आज यानी गुरुवार के कारोबार में घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 144 अंक मजबूत हुआ, वहीं निफ्टी 42 अंकों की बढ़त के साथ 17,600 के करीब पहुंच गया।

BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 143.66 अंक यानी 0.24 फीसदी मजबूत होकर 59,832.97 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ऊंचे में 59,950.06 तक गया और नीचे में 59,520.12 तक आया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 42.10 अंक यानी 0.24 फीसदी चढ़ा। निफ्टी कारोबार के अंत में 17,599.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी ऊंचे में 17,638.70 तक गया और नीचे में 17,502.85 तक आया।

Top Gainers

आज के कारोबार में सेंसेक्स के शेयरों में 17 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। बजाज फाइनैंस, टाटा मोटर्स, बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक और सन फार्मा सेंसेक्स के टॉप 5 गेनर्स रहे। सबसे अधिक लाभ बजाज फाइनैंस के शेयरों को हुआ। इसके शेयर करीब 2.95 फीसदी तक चढ़े।

Top Losers

वहीं दूसरी तरफ सेंसेक्स के शेयरों में 13 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टेक महिंद्रा और टाइटन सेंसेक्स के टॉप लूजर्स रहे। सबसे अधिक नुकसान एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों को हुआ। इसके शेयर करीब 1.73 फीसदी तक गिर गए।

International Indices

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन के शंघाई कम्पोजिट में गिरावट आई, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजार सकारात्मक धारणा के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.54 फीसदी चढ़कर 84.53 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

FIIs

शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 806.82 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

First Published : April 6, 2023 | 3:53 PM IST