बाजार

Closing Bell: IT शेयरों में गिरावट से फिसला बाजार, Sensex 65 अंंक टूटा, Nifty 19,800 के नीचे

Stock Market: इंट्रा-डे ट्रेड में टेक महिंद्रा और इंफोसिस के शेयरों में लगभग 3% की गिरावट आई

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- October 12, 2023 | 4:14 PM IST

Stock Market: IT शेयरों में गिरावट के कारण हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार में जारी दो दिन की तेजी पर ब्रेक लगा। दोनों फ्रंटलाइन इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में हल्की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि ग्लोबल मार्केट (global market) में आज मजबूत रूझान देखे गए।

आज के कारोबार में BSE सेंसेक्स (Sensex) 65 अंक टूट गया। वहीं, निफ्टी (Nifty) में भी 17 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में क्रमशः 0.3 प्रतिशत और 0.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ तेजी जारी रही।

शेयर बाजार ने गंवाई शुरुआती बढ़त

घरेलू शेयर बाजारों ने बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। मगर IT शेयरों में गिरावट के बाद बाजार ने शुरुआती तेजी खो दी। TCS के सुस्त आर्थिक माहौल का क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव जारी रहने संबंधी बयान देने के बाद सूचना प्रौद्योगिकी (IT) शेयरों में गिरावट आई।

BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 64.66 अंक यानी 0.10 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ 66,408.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 66,577.60 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 66,339.42 तक आया।

वहीं, दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी (Nifty) में भी 17.35 अंक यानी 0.09 फीसदी की मामूली गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 19,794.00 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 19,843.30 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 19,772.65 तक आया।

Also read: Groww बनी सबसे बड़ी ब्रोकरेज फर्म, मगर प्रॉफिट के मामले में Zerodha टॉप पर

मारुति बना सेंसेक्स का टॉप गेनर

आज के कारोबार में सेंसेक्स के शेयरों में 16 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। मारुति, पावर ग्रिड, NTPC, महिंद्रा एंड महिंद्रा और JSW स्टील सेंसेक्स के टॉप 5 गेनर्स रहे। सबसे ज्यादा मुनाफा मारुति के शेयरों को हुआ। इसके शेयर 1.73 फीसदी तक चढ़े। इसके अलावा HDFC बैंक, टाटा स्टील, ITC, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन और सन फार्मा भी लाभ में रहे।

IT शेयरों में आई गिरावट

वहीं, दूसरी तरफ सेंसेक्स के शेयरों में 14 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, TCS, HCL टेक और बजाज फाइनैंस सेंसेक्स के टॉप लूजर्स रहे। सबसे ज्यादा नुकसान टेक महिंद्रा के शेयरों को हुआ। इसके शेयर 2.72 फीसदी तक गिर गए। इसके अलावा विप्रो, नेस्ले इंडिया, कोटक बैंक, SBI, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स भी नुकसान में रहे।

First Published : October 12, 2023 | 4:09 PM IST