बाजार

500% Dividend: फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी ने किया 500% डिविडेंड का ऐलान, जानें रिकॉर्ड डेट और तिमाही नतीजे

मुनाफे में गिरावट के बावजूद कंपनी ने अपने राजस्व में 11.6% की बढ़ोतरी दर्ज की।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- January 28, 2025 | 6:44 PM IST

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने 28 जनवरी को अपने दिसंबर तिमाही (Q3 FY25) के नतीजे जारी किए। कंपनी ने जहां मुनाफे में गिरावट दर्ज की, वहीं राजस्व में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा दिसंबर तिमाही में 14.4% घटकर ₹564.5 करोड़ रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹659.8 करोड़ था।

राजस्व में बढ़ोतरी

मुनाफे में गिरावट के बावजूद कंपनी ने अपने राजस्व में 11.6% की बढ़ोतरी दर्ज की। यह ₹1,998.6 करोड़ रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में ₹1,791.3 करोड़ था। यह मजबूत परिचालन प्रदर्शन को दर्शाता है।

डिविडेंड की घोषणा

कंपनी ने ₹1 के फेस वैल्यू वाले प्रति शेयर ₹5 का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 1 फरवरी 2025 तय की गई है। कंपनी ने कहा कि यह डिविडेंड 26 फरवरी 2025 तक सभी शेयरधारकों को भुगतान कर दिया जाएगा।

मोतीलाल ओसवाल के शेयर मंगलवार को ₹655 पर बंद हुए, जो पिछले सत्र के मुकाबले 1.25% या ₹8.30 की गिरावट है।

First Published : January 28, 2025 | 6:38 PM IST