150 करोड़ से अधिक टीके लगाए गए

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 10:22 PM IST

कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान में भारत को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है क्योंकि शुक्रवार को देश में अब तक लगाए गए टीकों की कुल संख्या 150 करोड़ से अधिक हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि यह ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों की अनवरत कड़ी मेहनत के कारण हासिल की जा सकी। मांडविया ने ट्वीट किया कि जब हर कोई मिलकर प्रयास करता है तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। 
 
देश में कोविड-19 टीके की खुराक देने का 100 करोड़ का आंकड़ा 21 अक्टूबर को हासिल किया गया था जिसके बाद देश के कई हिस्से में जश्न मनाया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, 91 फीसदी से अधिक वयस्क आबादी ने कम से कम एक खुराक प्राप्त कर ली है जबकि 66 फीसदी से अधिक आबादी का पूरी तरह टीकाकरण हो गया है। पात्र किशोरों के लिए 3 जनवरी को टीकाकरण की शुरुआत होने के बाद से 22 फीसदी से अधिक पात्र किशोरों को टीके की पहली खुराक लग चुकी है। 
 
दिल्ली में 6 दिन में 20 लोगों की मौत 
 
दिल्ली में जनवरी के पहले छह दिन में कोरोनावायरस संक्रमण के चलते 20 लोगों की मौत हुई है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। आंकड़ों के अनुसार, इनमें से आठ लोगों की मौत पांच जनवरी को हुई। ये मौतें मौटे तौर पर ओमीक्रोन स्वरूप के कारण कोविड मामलों में वृद्धि के बीच हुई हैं। गुरुवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में कोविड-19 के कारण अब तक 25,127 लोगों की मौत हो चुकी है। गत 31 दिसंबर को मृतकों की संख्या 25,107 थी। गुरुवार को संक्रमण के 15,097 मामले सामने आए थे। संक्रमण दर 15.34 प्रतिशत रही थी।

First Published : January 7, 2022 | 9:29 PM IST