लंपी स्किन बीमारी की वजह से पंजाब में दूध उत्पादन 15-20 फीसदी घटा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 4:13 PM IST

मवेशियों में फैली लंपी स्किन बीमारी की वजह से पंजाब के डेयरी किसानों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के प्रगतिशील डेयरी किसान संघ (PDFA) ने कहा है कि इस बीमारी की वजह से राज्य में दूध उत्पादन 15 से 20 प्रतिशत तक घट गया है। यह संक्रामक बीमारी मवेशियों विशेष रूप से गायों में फैली हुई है। PDFA  ने कहा कि इससे वे किसान बुरी तरह प्रभावित हुए हैं जो अपनी आजीविका के लिए पूरी तरह मवेशियों पर निर्भर हैं।
राज्य के पशुपालन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, इस बीमारी से 1.26 लाख मवेशी प्रभावित हुए हैं। अब तक 10,000 से अधिक मवेशी इस बीमारी की वजह से जान गंवा चुके हैं। हालांकि PDFA का दावा है कि लंपी स्किन बीमारी की वजह से पंजाब में अब तक एक लाख से ज्यादा मवेशियों की मौत हो चुकी है। इस बीमारी से प्रभावित राज्य के प्रमुख जिलों में फाजिल्का, फरीदकोट, बठिंडा और तरन तारन शामिल हैं।
PDFA के अध्यक्ष दलजीत सिंह सदरपुरा ने कहा कि लंपी स्किन बीमारी की वजह से पंजाब में दूध के उत्पादन में 15 से 20 फीसदी की कमी आई है। इसके साथ ही गायों का औसत दूध उत्पादन एक साल तक कम बने रहने की भी आशंका है।

First Published : August 28, 2022 | 5:50 PM IST