आज का अखबार

Q3 Results: एयरटेल का लाभ 55% घटा, पीवीआर आइनॉक्स के मुनाफे में 1.6 गुना इजाफा

Q3 Results: एयरटेल की कुल कमाई 53,982 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी तिमाही में हुई 46,878 करोड़ रुपये की कमाई से 15.15 फीसदी ज्यादा है।

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- February 06, 2026 | 8:50 AM IST

Q3 Results: देश की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी, भारती एयरटेल ने दिसंबर 2025 में खत्म हुई तिमाही के दौरान शुद्ध लाभ में 55 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की और यह 6,630 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने कहा कि पिछले साल की तिमाही की तुलना में आधार प्रभाव के कारण कई तिमाहियों में ऐसा पहली बार हुआ जब शुद्ध लाभ में इतनी कमी आई है।

दिसंबर 2024 को खत्म हुई तिमाही में, कंपनी ने 14,760 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था, जब उसने इंडस टावर्स को एक सहयोगी कंपनी से सहायक कंपनी के रूप में दोबारा वर्गीकृत करने के बाद शुद्ध असाधारण लाभ दर्ज किया था। सितंबर 2025 में खत्म हुई तिमाही में, दूरसंचार कंपनी का शुद्ध लाभ 2.4 प्रतिशत घटकर 6,791 करोड़ रुपये था। दूरसंचार कंपनी ने बताया कि नए श्रम कानूनों को लागू करने से इस तिमाही के वित्तीय नतीजों पर 257 करोड़ रुपये का असर पड़ा है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि ग्रैच्युटी और कर्मचारियों की छुट्टियों के बदले दिए जाने वाले पैसे के लिए ज्यादा प्रावधान किया गया।

तीसरी तिमाही में कंपनी की कुल कमाई 53,982 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी तिमाही में हुई 46,878 करोड़ रुपये की कमाई से 15.15 फीसदी ज्यादा है।

पीवीआर आइनॉक्स के मुनाफे में 1.6 गुना इजाफा

दिसंबर में खत्म हुई तिमाही में पीवीआर आइनॉक्स का शुद्ध लाभ 1.6 गुना बढ़कर 95.7 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने इस लाभ का श्रेय विलय से जुड़े तालमेल और लागत नियंत्रण को दिया है। पीवीआर आइनॉक्स के प्रबंध निदेशक अजय बिजली ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया कि अब रफ्तार फिर से बढ़ गई है। इस सिनेमा कंपनी का राजस्व अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 9.5 प्रतिशत बढ़कर 1,879.8 करोड़ रुपये हो गया।

बिजली ने कहा कि जनवरी महीने में भी अच्छा प्रदर्शन रहा। ‘धुरंधर’ और ‘बॉर्डर 2’ जैसी फिल्मों ने अच्छा किया। उन्होंने आगे कहा कि न केवल ब्लॉकबस्टर फिल्में बल्कि मध्यम बजट की फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं और दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल फिल्मों की लाइन-अप बहुत अच्छी है।

हेक्सावेयर के शुद्ध लाभ में 49 प्रतिशत की गिरावट

मझोले स्तर की आईटी सेवा कंपनी हेक्सावेयर का शुद्ध लाभ नवंबर में नई श्रम संहिता के लिए किए गए प्रावधानों के कारण चौथी तिमाही में लगभग आधा रह गया। दिसंबर में समाप्त तिमाही में शुद्ध लाभ 100 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले के 197 करोड़ रुपये की तुलना में 49 प्रतिशत कम है। परिचालनगत राजस्व 10.2 प्रतिशत के साथ 1,860 करोड़ रुपये रहा। स्थिर मुद्रा में राजस्व 3.5 प्रतिशत बढ़ा। प्रावधानों की राशि 103 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के मुख्य कार्य अधिकारी आर श्रीकृष्ण ने कहा, ‘हालांकि कैलेंडर वर्ष 2025 उद्योग के लिए चुनौतीपूर्ण था। लेकिन हमने वर्ष के उतरार्ध में सौदे हासिल करने की रफ्तार तेज कर दी। इससे बेहतर कैलेंडर वर्ष 2026 तैयार हुआ।’ हेक्सावेयर का मानना है कि एक साल की पूरी अनिश्चितता के बाद मांग का माहौल बेहतर हो रहा है और निर्णय लेने की प्रक्रिया बेहतर हुई है। इस अनिश्चितता ने पूरे आईटी उद्योग पर दबाव बना दिया था।

साल 2026 की अगुआई बैंकिंग और स्वास्थय सेवा तथा बीमा क्षेत्र करेंगे, जो चौथी तिमाही में क्रमशः 15.1 प्रतिशत और 2.1 प्रतिशत अधिक स्तर पर रहे। इसके बाद वित्तीय सेवाओं का स्थान है। चौथी तिमाही में वृद्धि की अगुआई यूरोप और एशिया प्रशांत क्षेत्र ने की, जो क्रमशः 10.3 प्रतिशत और 12.2 प्रतिशत बढ़े। अमेरिका, जो राजस्व में लगभग 75 प्रतिशत का योगदान करता है, 2.5 प्रतिशत अधिक रहा।

First Published : February 6, 2026 | 8:50 AM IST