कॉग्निजेंट ने पूरे साल के उम्मीद से बेहतर नतीजे दर्ज करने के बाद अपने कर्मचारियों को 100 प्रतिशत बोनस दिया है। कंपनी ने कहा है कि वह उम्मीद से पहले ही ‘विजेताओं के समूह’ में शामिल हो गई है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रवि कुमार ने पिछले एक साल में जिन शब्दों का बार-बार इस्तेमाल किया है उनमें शीर्ष स्तर की राजस्व वृद्धि, बाजार हिस्सेदारी हासिल करना, बड़े करार की रफ्तार बरकरार रखना, कौशल प्रशिक्षण, मार्जिन विस्तार और राजस्व वृद्धि से अधिक प्रति शेयर कमाई में बढ़ोतरी शामिल है।
कॉग्निजेंट ने लक्ष्य रखा था कि वह वर्ष 2027 तक अपने आंतरिक लक्ष्य तक पहुंचेगी। कंपनी ने पिछली बार निवेशकों को प्रेजेंटेशन देते हुए यह जानकारी दी थी। लेकिन कंपनी के सीईओ कुमार ने बार-बार कहा है कि नैस्डैक में सूचीबद्ध यह कंपनी अब राजस्व वृद्धि के मामले में सबसे अच्छी कंपनियों में फिर से शामिल हो गई है। वर्ष 2025 में कंपनी का राजस्व 6.4 फीसदी बढ़ा है जो कंपनी के 6 से 6.3 फीसदी अनुमान से ज्यादा है।
पिछले सात वर्षों में यह सबसे ज्यादा बोनस है जो कंपनी दे रही है। इससे पता चलता है कि कंपनी अपने कर्मचारियों को इनाम देने और उन्हें अपने साथ बनाए रखने को कितनी उत्सुक है। जब ब्रायन हम्फ्रीज कंपनी का नेतृत्व कर रहे थे तब कई कर्मचारी कंपनी छोड़कर चले गए थे। अब कुमार कंपनी को एक ऐसी जगह बनाना चाहते हैं जहां लोग काम करना पसंद करें।