अंतरराष्ट्रीय

मलेशिया ने जोहोर राज्य के शक्तिशाली शासक को देश का नया किंग चुना

मलेशिया के नौ राज्यों के शासक बारी-बारी से पांच साल के लिए देश के राजा के पद पर आसीन होते हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 27, 2023 | 7:34 PM IST

मलेशिया के शाही परिवारों ने जोहोर राज्य के शासक सुल्तान इब्राहिम इस्कंदर को देश का नया राजा चुना है। शाही महल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

महल ने एक बयान में कहा कि इस्कंदर (64) 31 जनवरी को पांच साल के लिए राजगद्दी संभालेंगे। इस्कंदर को राजा चुना जाना अपेक्षित था क्योंकि देश के नौ राज्यों के शासकों के बीच स्थापित क्रम व्यवस्था के आधार पर इस बार सिंगापुर की सीमा से लगे जोहोर राज्य के शासक के राजा बनने की बारी थी। वह पहांग राज्य के शासक सुल्तान अब्दुल्ला सुल्तान अहमद शाह की जगह लेगें।

दुनिया में इस तरह की एकमात्र व्यवस्था

अहमद शाह जनवरी 2019 से राजा के पद पर आसीन हैं। मलेशिया के नौ राज्यों के शासक बारी-बारी से पांच साल के लिए देश के राजा के पद पर आसीन होते हैं। यह दुनिया में इस तरह की एकमात्र व्यवस्था है।

साल 1957 में ब्रिटेन से आजादी के बाद से देश में यह व्यवस्था बरकरार है। मलेशिया में राजा की भूमिका आमतौर पर औपचारिक होती है, क्योंकि प्रशासनिक शक्ति प्रधानमंत्री और संसद के पास होती है। लेकिन राजा को खासकर जातीय मलय मुस्लिम बहुसंख्यकों के बीच इस्लाम और मलय परंपरा का संरक्षक माना जाता है।

औपचारिक भूमिका होने के बावजूद राजा हाल के वर्षों में राजनीति में अधिक सक्रिय हो गए हैं। वर्तमान राजा सुल्तान अब्दुल्ला को पिछले कुछ वर्षों में यह तय करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा। इसमें 2018 के आम चुनावों के बाद त्रिशंकु संसद बनने के बाद अनवर इब्राहिम को प्रधानमंत्री के रूप में नामित करना शामिल था।

सुल्तान इब्राहिम ने खुद को राजा चुने जाने पर समाचार एजेंसी ‘बरमाना’ से कहा, “यह पदोन्नति नहीं है। यह एक जिम्मेदारी है, जिसे ग्रहण करने के लिए मैं तैयार हूं।

First Published : October 27, 2023 | 7:34 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)