facebookmetapixel
Advertisement
Editorial: कनेक्टेड कारों पर बढ़ा साइबर हमलों का खतरासुरक्षित भोजन के लिए कड़े मानकों की जरूरत, एंटीबायोटिक और कीटनाशक पर सख्त निगरानी जरूरीराज्यों की वित्तीय सेहत पर दबाव, केरल-तमिलनाडु के श्वेत पत्र ने राजकोषीय सुधार की जरूरत दिखाईराज्यों के टैक्स और रॉयल्टी से महंगा होगा लौह अयस्क, स्टील उत्पादन लागत बढ़ने के संकेत: SAIL चेयरमैनअमेरिका-ईरान तनाव से कच्चे तेल में उछाल, कीमतें 5% चढ़कर दो हफ्ते के हाई पर पहुंची ट्रंप के बयान से सोने में गिरावट, महंगाई व ब्याज दर बढ़ने की आशंका से बढ़ा दबावSEBI का बड़ा फैसला: FPI और FVCI अब रुपये में जमा कर सकेंगे शुल्क, नए नियम 6 महीने बाद होंगे लागूरुपये में एक महीने की सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट, बॉन्ड यील्ड में उछालAI एजेंट भी कर सकेंगे UPI पर लेनदेन! NPCI तैयार करेगा यूनिफाइड एजेंट प्रोटोकॉलRBI की FCNR(B) योजना में 60 अरब डॉलर जुटाने की उम्मीद, विदेशी बैंकों की निवेश सीमा बनेगी अहम फैक्टर

Bill Gates ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत की प्रगति की प्रशंसा की

Advertisement
Last Updated- March 04, 2023 | 12:31 PM IST
Gates in trouble for calling India a 'laboratory' भारत को ‘प्रयोगशाला’ बताने पर घिरे गेट्स
Creative Commons license

माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने स्वास्थ्य, विकास एवं जलवायु जैसे क्षेत्रों में भारत की प्रगति की सराहना की है। गेट्स ने कहा कि देश यह दिखा रहा है जब नवाचार में निवेश किया जाता है, तो क्या-क्या संभव है।

‘बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन’ के सह-अध्यक्ष बिल गेट्स ने ‘कई सुरक्षित, प्रभावी और किफायती टीके विकसित करने की अद्भुत क्षमता’ के लिए भारत की प्रशंसा की। इनमें से कई टीके विकसित करने में ‘गेट्स फाउंडेशन’ ने मदद की है।

उन्होंने कहा कि इन टीकों ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान लाखों लोगों का जीवन बचाया और दुनियाभर में अन्य बीमारियों को फैलने से रोका। गेट्स ने कहा कि उन्होंने भारत की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

उन्होंने एक लेख में कहा, ‘ऐसे समय में जब दुनिया के सामने इतनी सारी चुनौतियां हैं, भारत जैसी गतिशील और रचनात्मक जगह की यात्रा से प्रेरणा मिलती है।’ गेट्स ने कहा कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण पिछले तीन वर्षों में उन्होंने ज्यादा यात्रा नहीं की, लेकिन वह खासकर कोविड के टीके विकसित करने और भारत की स्वास्थ्य प्रणालियों में निवेश के मामलों को लेकर मोदी के संपर्क में रहे।

उन्होंने कहा कि नये जीवनरक्षक टीकों के उत्पादन के अलावा, भारत उनके वितरण में भी उत्कृष्ट रहा और उसकी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली ने कोविड टीकों की 2.2 अरब से अधिक खुराक वितरित की हैं। गेट्स ने कहा कि भारत ने ‘को-विन’ नामक ऐप बनाई, जिसकी मदद से लोगों को टीकाकरण के लिए निर्धारित समय दिया गया और टीके लगने के बाद लोगों के लिए डिजिटल प्रमाण पत्र जारी किये गये।

उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि को-विन दुनिया के लिए एक आदर्श है और मैं इससे सहमत हूं।’ उन्होंने कहा कि भारत ने महामारी के दौरान 20 करोड़ महिलाओं सहित 30 करोड़ लोगों को आपातकालीन डिजिटल भुगतान किये। गेट्स ने कहा, ‘यह केवल इसलिए संभव हो पाया, क्योंकि भारत ने डिजिटल आईडी प्रणाली (जिसे ‘आधार’ कहा जाता है) में निवेश करके और डिजिटल बैंकिंग के लिए नवोन्मेषी मंच बनाकर वित्तीय समावेशन को प्राथमिकता दी है। यह याद दिलाता है कि वित्तीय समावेशन एक शानदार निवेश है।’

उन्होंने गति शक्ति कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह इस बात का एक बड़ा उदाहरण है कि कैसे डिजिटल प्रोद्यौगिकी सरकारों को बेहतर काम करने में मदद कर सकती है। गेट्स ने कहा कि उन्होंने इस साल भारत द्वारा G20 की अध्यक्षता किये जाने को लेकर मोदी के साथ चर्चा की और कहा कि G20 की अध्यक्षता यह दर्शाने का एक शानदार अवसर है कि कैसे देश में विकसित नवोन्मेष दुनिया को लाभान्वित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘भारत स्वास्थ्य, विकास और जलवायु के क्षेत्र में जो प्रगति कर रहा है, प्रधानमंत्री के साथ बातचीत ने मुझे उसे लेकर और भी आशावादी बना दिया है। यह देश दिखा रहा है कि जब हम नवाचार में निवेश करते हैं तो क्या-क्या संभव है। मुझे उम्मीद है कि भारत इस प्रगति को जारी रखेगा और अपने नवाचारों को दुनिया के साथ साझा करता रहेगा।’

Advertisement
First Published - March 4, 2023 | 12:31 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement