अंतरराष्ट्रीय

दक्षिणी फिलीपीन में भूस्खलन में घर दबने से 10 लोगों की मौत

शुक्रवार को अभियान बहाल किए जाने के बाद तीन और शव बरामद हुए।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 19, 2024 | 9:02 PM IST

दक्षिणी फिलीपीन में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक घर दब गया जिससे पांच बच्चों समेत कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। घटना के समय ईसाई समुदाय के लोग घर में प्रार्थना कर रहे थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सरकार के नागरिक सुरक्षा कार्यालय के क्षेत्रीय प्रमुख एडनार दयानघिरंग ने बताया कि यह घटना दवाओ डी ओरो प्रांत के मोनकायो कस्बे में दूरस्थ पहाड़ी पर स्थित एक गांव में हुई। इस घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं और कम से कम एक ग्रामीण लापता है। घटनास्थल पर एक और भूस्खलन होने की आशंका के कारण गुरुवार को खोज अभियान रोक दिया गया।

शुक्रवार को अभियान बहाल किए जाने के बाद तीन और शव बरामद हुए। दयानघिरंग ने गुरुवार को एसोसिएटेड प्रेस को टेलीफोन पर कहा, ”जब भूस्खलन हुआ तो वे लोग घर में प्रार्थना कर रहे थे। यह दुखद है लेकिन हकीकत यही है।”

मोनकायो के मेयर मैनुअल जमोरा ने कहा कि रुक-रुक कर हो रही बारिश से मिट्टी खिसकने की आशंका है जिस कारण गांव के समीप रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का आदेश दिया गया है।

नागरिक सुरक्षा कार्यालय ने बताया कि कई दिनों तक हुई भारी बारिश के कारण निचले इलाकों के गांवों में पानी भर गया और दवाओ डे ओरो तथा तीन अन्य प्रांतों में 36,000 से अधिक लोग विस्थापित हो गए। शुक्रवार से कुछ इलाकों में मौसम साफ होने लगा है।

First Published : January 19, 2024 | 9:02 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)