राज्य में नए मुख्यमंत्री को 25 नवंबर तक पद की शपथ लेनी होगी, क्योंकि निवर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने रविवार को कहा कि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के नेता और भाजपा का नेतृत्व यह तय करेगा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधान सभा के लिए हुए चुनाव में महायुति गठबंधन ने 230 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी है। शपथग्रहण समारोह मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो सकता है। महायुति गठबंधन में भाजपा के अलावा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) भी शामिल हैं।
झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने रविवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में 28 नवंबर को पद की शपथ लेंगे। इससे पहले दिन में राज्य में ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने सर्वसम्मति से सोरेन को विधायक दल का नेता चुना।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं ने बताया कि सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। गंगवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सोरेन ने कहा, ‘मैंने सरकार बनाने का दावा पेश किया है और राज्यपाल को गठबंधन सहयोगियों का समर्थन पत्र सौंप दिया है।