A vendor offers bottled water to bus passengers for sale on a hot summer day
Heatwave: दिल्ली-NCR समेत देश के कई राज्यों में लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी और नए रिकॉर्ड बना सकती है। आसमान से बरसती आग के कारण IMD ने दिल्ली-एनसीआर के लिए हीट वेव अलर्ट जारी किया है। साथ ही यूपी के कुछ शेहरों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में 45 डिग्री पार होगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, इस हफ्ते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत उत्तर पश्चिमी इलाकों में पारा 45 डिग्री के पार चला जाएगा। इसका मतलब है कि तेज धूप और भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त होगा। लू के प्रकोप के कारण मध्य प्रदेश, ओडिशा और गुजरात के लिए भी अगले पांच दिन बहुत मुश्किलों से भरे होंगे। आईएमडी के मुताबिक, पारा दो से तीन डिग्री बढ़ सकता है।
हालांकि, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई, पर लू के अलर्ट के कारण स्कूलों का समय बदल दिया गया।
दिल्ली का मौसम
इस हफ्ते के पहले दिन (सोमवार) तापमान 47 डिग्री के पार चला गया। दिल्ली के नजफगढ़ में सोमवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री था। वहीं पीतमपुरा में 46.6 डिग्री, पूसा में 46.1 डिग्री। मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री रहा, आया नगर में 45.7 डिग्री और पालम में तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी के कारण दिल्ली सरकार ने स्कूलों को तत्काल प्रभाव से छुट्टियां करने का निर्देश दिया।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत उत्तर पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में पारा चढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने पांच दिन के लिए प्रचंड गर्मी व भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन पांचों राज्यों में सोमवार को औसत अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार रहा।
उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी
IMD ने यूपी के कई शहरों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आगरा, मथुरा, अलीगढ़,फिरोजाबाद, जालौन, झांसी, ललितपुर और महामाया नगर में 21 मई से लेकर 25 मई तक हीटवेव का तगड़ा असर देखने को मिलेगा। वहीं प्रयागराज, कानपुर, कन्नौज, मेरठ, हापुड़, नोएडा समेत 27 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।