टेक-ऑटो

India AI Impact Summit 2026: दिल्ली के लग्जरी होटलों में रेट्स आसमान पर, स्वीट्स 30 लाख रुपये तक

आयोजन स्थल से करीब 4.5 किलोमीटर दूर मानसिंह रोड पर मौजूद ताज महल होटल ज्यादातर तारीखों के लिए बुक हो चुका है

Published by
गुलवीन औलख   
Last Updated- February 09, 2026 | 11:06 PM IST

India AI Impact Summit 2026: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के आयोजन से दिल्ली के प्रमुख लग्जरी होटलों की जबरदस्त कमाई होने वाली है। इसका आयोजन 19 और 20 फरवरी को होगा। इस कार्यक्रम में एआई जगत के कई दिग्गज ​शिरकत करेंगे जिनमें मेटा के एलेक्जेंडर वांग, अल्फाबेट के सुंदर पिचाई, गूगल डीपमाइंड के डेमिस हसाबिस, बिल गेट्स आदि शामिल हैं। इनके अलावा वै​श्विक कंपनियों के सैकड़ों वरिष्ठ अ​धिकारी भी इसमें शामिल होने के लिए आ रहे हैं।

इस आयोजन के कारण 16 फरवरी से शुरू होने वाले पूरे सप्ताह के लिए लग्जरी होटलों की मांग और किराये में जबरदस्त वृद्धि हुई है। कुछ लग्जरी स्वीट्स का किराया 30 लाख रुपये प्रति रात तक वसूला जा रहा है।

उदाहरण के लिए, मेकमाईट्रिप से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल भारत मंडपम के सबसे नजदीक के लग्जरी होटल द ओबेरॉय में एक कमरे का शुरुआती किराया मौजूदा 1 लाख रुपये से बढ़कर 5.6 लाख रुपये प्रति रात तक पहुंच गया है। हुमायूं के मकबरे के नजारे वाले लग्जरी स्वीट का किराया लगभग 29.5 लाख रुपये प्रति रात है।

आयोजन स्थल से करीब 4.5 किलोमीटर दूर मानसिंह रोड पर मौजूद ताज महल होटल ज्यादातर तारीखों के लिए बुक हो चुका है। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, 16 फरवरी के लिए एक कमरे का किराया 55,000 रुपये से शुरू होता है और प्रेसिडेंशियल स्वीट का किराया लगभग 22.5 लाख रुपये प्रति रात है। द​​क्षिणी दिल्ली में मौजूद द लीला होटल में एक कमरे का शुरुआती किराया लगभग 3.3 लाख रुपये और स्वीट का किराया 14.5 लाख रुपये प्रति रात है।

फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म ऐंड हॉस्पिटैलिटी के महासचिव राजीव मेहरा ने कहा, ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की वजह से होटल कमरों की मांग काफी अ​धिक हो गई है क्योंकि दुनिया भर से लगभग 35,000 लोगों के आने की उम्मीद है। इससे लग्जरी और प्रीमियम होटलों के किराये में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।’

इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड, द लीला रिसॉर्ट्स ऐंड पैलेसेस, आईटीसी होटल्स एवं अन्य लग्जरी होटल श्रृंखला तथा मेकमाईट्रिप एवं क्लियरट्रिप जैसे यात्रा पोर्टल ने इस बाबत पूछे गए सवालों का खबर लिखे जाने तक जवाब नहीं दिया।

First Published : February 9, 2026 | 10:48 PM IST