भारत

Forest fire: वनों में आग बुझाने में बड़ी सफलता: 24 घंटे में 67% घटनाओं पर पाया गया काबू

फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया के अनुसार वन अग्नि सीजन (नवंबर 2023 से जून 2024) के दौरान वनों में आग लगने की 2,03,544 घटनाएं सामने आईं।

Published by
नितिन कुमार   
Last Updated- January 02, 2025 | 10:42 PM IST

वनों में लगने वाली आग को बुझाने में अब काफी सफलता मिल रही है। समय पर सूचना मिलने और विभिन्न विभागों एवं प्रतिक्रिया टीमों के बीच बेहतर समन्वय ने इस दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पिछले सीजन के मुकाबले आग की घटनाओं पर काबू पाने में 33 प्रतिशत सुधार देखने को मिला है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2023-24 के दौरान वनों में आग लगने की 67 प्रतिशत बड़ी घटनाओं को 24 घंटे के भीतर बुझा लिया गया।

फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया के अनुसार वन अग्नि सीजन (नवंबर 2023 से जून 2024) के दौरान वनों में आग लगने की 2,03,544 घटनाएं सामने आईं। इससे पहले के अग्नि सीजन (नवंबर 2022 से जून 2023) में वनों में आग लगने की 2,12,249 घटनाएं हुई थीं।

उत्तराखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के वनों में आग लगने की सबसे ज्यादा क्रमश: 21,033 व 20,973 और 18,950 घटनाएं हुईं। दिल्ली और गोवा में सबसे कम 16-16 घटनाएं सामने आईं। केंद्र शासित प्रदेशों लक्षद्वीप और पुदुच्चेरी में वनों में आग लगने की कोई घटना दर्ज नहीं की गई।

हालांकि जम्मू-कश्मीर के वनों में 3,829 जगह आग लगी। प्रमुख राज्यों में नवंबर 2022 से जून 2023 तथा नवंबर 2023 से जून 2024 के बीच वनों में आग लगने के मामलों में अहम बदलाव देखने को मिला। उत्तराखंड में ऐसे मामलों में 292 प्रतिशत की तेज वृद्धि हुई। यहां 5,351 घटनाएं हुई थीं, जो सीजन वर्ष 24 में बढ़कर 21,033 पहुंच गई। आग की घटनाओं में ओडिशा में 37.3 प्रतिशत की मामूली कमी आई है।

First Published : January 2, 2025 | 10:42 PM IST