भारत

Delhi Excise Policy Scam: अदालत ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को तीन दिन की CBI हिरासत में भेजा

विशेष न्यायाधीश अमिताभ रावत ने CBI की अर्जी पर यह आदेश पारित किया। जांच एजेंसी ने अदालत से अनुमति मिलने के बाद बुधवार को केजरीवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 26, 2024 | 10:47 PM IST

Delhi Excise Policy Scam: दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसी ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था।

विशेष न्यायाधीश अमिताभ रावत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की अर्जी पर यह आदेश पारित किया। जांच एजेंसी ने अदालत से अनुमति मिलने के बाद बुधवार को केजरीवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में जेल में बंद हैं, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है।

न्यायाधीश ने कहा, “सीबीआई का अनुरोध तीन दिन के लिए स्वीकार किया जाता है।” केजरीवाल की हिरासत की मांग करते हुए सीबीआई ने अदालत से कहा कि मामले में बड़ी साजिश का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जरूरत है। उसने यह भी कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का मामले में मौजूद सबूतों और अन्य आरोपियों से आमना-सामना कराया जाना जरूरी है।

Also read: SBI ने 15 साल के इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी कर जुटाए 10,000 करोड़ रुपये

संघीय एजेंसियों ने पहले दावा किया था कि अब खत्म कर दी गई आबकारी नीति को तैयार करने के संबंध में एक तथाकथित “दक्षिण लॉबी” द्वारा निर्देशन दिया गया था और मुख्यमंत्री इस सबमें शामिल थे।

First Published : June 26, 2024 | 7:54 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)