Budget 2026: रत्न और आभूषण सेक्टर ने रविवार को केंद्रीय बजट को पॉजिटिव और विकास पर आधारित बताते हुए इसका स्वागत किया, और कहा कि यह मुख्य बाधाओं को दूर करने के साथ उद्योग को नई रफ्तार प्रदान करता है।
GJEPC के चेयरमैन किरित भंसाली ने कहा, ”हम एक सकारात्मक, विकास-केंद्रित बजट के लिए सरकार को धन्यवाद देते हैं जो मुख्य बाधाओं को दूर करता है और भारत के रत्न एवं आभूषण सेक्टर को नई गति प्रदान करता है। यह नकदी की स्थिति में सुधार करता है, मैन्युफैक्चरिंग का सपोर्ट करता है और वैल्यू चेन में निर्यात को मजबूत करता है।”
GJEPC ने केंद्रीय बजट के सीमा शुल्क सुधारों का स्वागत किया। भंसाली ने कहा, ”विश्वास-आधारित प्रक्रियाएं, डिजिटल मूल्यांकन, और सरलीकृत मंजूरी प्रक्रिया से देरी और लागत में कमी आएगी। हम रियायती शुल्क पर SEZ से घरेलू शुल्क क्षेत्र में सीमित बिक्री की भी सराहना करते हैं। यह अमेरिकी टैरिफ और ग्लोबल मांग की अनिश्चितताओं के बीच कारखानों को निष्क्रिय क्षमता का उपयोग करने, नौकरियों की रक्षा करने और व्यापार को सुदृढ़ करने में सक्षम बनाएगा।” उन्होंने कहा कि कूरियर निर्यात पर 10 लाख रुपये की सीमा को हटाना ई-कॉमर्स के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन है।
अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (GJC) के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 रत्न और आभूषण उद्योग के प्रति एक स्थिर और संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ”सीमा शुल्क या जीएसटी में किसी भी वृद्धि का न होना, निरंतर नीतिगत निश्चितता, मजबूत MSMEs एवं क्लस्टर समर्थन, व्यापार करने की आसानी के उपाय और मुकदमेबाजी को कम करने वाले आयकर सुधार मिलकर व्यापार को आत्मविश्वास प्रदान करते हैं।”
कामा ज्वेलरी के फाउंडर और एमडी कॉलिन शाह ने कहा कि SEZ सुधार – मुख्य रूप से SEZ इकाइयों को रियायती शुल्क दर पर डीटीए को आपूर्ति करने के लिए एक विशेष एकमुश्त सुविधा की शुरुआत एक स्वागत योग्य कदम है।