Union Budget 2026-27 Live Updates in Hindi: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी अपनी टीम के साथ संसद पहुंच गई हैं। सीतारमण आज यानी 1 फरवरी को अपना नौवां लगातार बजट पेश करेंगी। ये बजट अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक के वित्त वर्ष के लिए होगा। इस बजट से लोगों को उम्मीद है कि सरकार अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखेगी। खर्च और बचत में संतुलन रखेगी और ऐसे आसान सुधार करेगी, जिससे देश पर वैश्विक व्यापार की दिक्कतों का असर कम हो। खासकर अमेरिका के टैरिफ से।
अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि कैपेक्स में अच्छी बढ़ोतरी होगी। हालांकि महामारी के बाद की तेज रफ्तार से थोड़ा कम। रेलवे, रिन्यूएबल एनर्जी, पावर ट्रांसमिशन, डिफेंस और शहरी परिवहन को प्राथमिकता मिलेगी। राज्यों के बुनियादी ढांचे के लिए ब्याज-मुक्त ऋणों का समर्थन जारी रहेगा।
बजट 2026 से जुड़े पल-पल के अपडेट और आसान भाषा में समझने के लिए जुड़े रहे बिजनेस स्टैंडर्ड हिंदी के लाइव ब्लॉग के साथ…
मुख्य घटनाएं
बजट से पहले की उम्मीदें पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "मुझे ज्यादा उम्मीदें नहीं हैं, लेकिन देखते हैं।" वहीं, सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, बजट से कोई उम्मीद नहीं है।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "महंगाई बढ़ रही है। लोगों की पहुंच से सारी चीजें बाहर जा रही हैं। सरकार सब्सिडी और मदद में इजाफा करे। सरकार महंगाई कम करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही। सरकार ने लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है।"
संसद भवन में थोड़ी देर में कैबिनेट की बैठक शुरू होगी, जिसमें बजट पर अंतिम मुहर लगेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी संसद पहुंच गए हैं।
इस बार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक हैंडवोवन कांजीवरम सिल्क साड़ी पहनी, जो तमिलनाडु की सदियों पुरानी बुनाई विरासत को सम्मान दे रही थी। ये बैंगनी रंग की कट्टम कांजीवरम थी, जिसमें हल्के सुनहरे भूरे रंग के चेक (कट्टम) बने थे और कॉफी ब्राउन बॉर्डर पर धागे का काम किया गया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को परंपरागत ‘दही-चीनी’ खिलाई।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक बजट होगा। पीएम की 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' विकसित भारत की ओर तेजी से आगे बढ़ेगी।"
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक डिजिटल टैबलेट दिखाया। इसमें बजट डॉक्यूमेंट है और जो एक पारंपरिक लाल 'बही-खाता' स्टाइल के पाउच में रखा हुआ था।
बजट पेश होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद पहुंचे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी अपनी टीम के साथ संसद पहुंचे। वित्त मंत्री सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में बजट पेश करेंगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करने के बाद पूरे भारत के लगभग 30 कॉलेज स्टूडेंट्स के साथ बातचीत करेंगी। इसमें वह सरकार का युवाओं पर फोकस और स्टूडेंट्स के लिए संभावित पहलों के बारे में बताएंगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपनी टीम के साथ लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कर्तव्य भवन पहुंच गई हैं। अर्थशास्त्रियों का कहना है कि इस बजट में सरकार का कर्ज कम करने पर खास ध्यान दिया जा सकता है। उम्मीद है कि 2031 तक सरकारी कर्ज को जीडीपी के 49 से 51 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य रखा जाएगा। अभी यह करीब 56 प्रतिशत है। यह आंकड़ा विदेशी निवेशकों के लिए भी अहम माना जाता है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण घर से वित्त मंत्रालय के लिए रवाना हो गई हैं। वह आज संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करेंगी। बजट से आम लोगों, किसानों, नौकरीपेशा और कारोबारियों को कई उम्मीदें हैं।
बजट से पहले 29 जनवरी को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण 2026–27 पेश किया गया। सर्वे के अनुसार, वित्त वर्ष 2026–27 में भारत की GDP ग्रोथ 6.8 से 7.2 प्रतिशत के बीच रह सकती है। रिपोर्ट में स्वदेशी को सरकार की रणनीति का अहम हिस्सा बताया गया है। इसके साथ ही, भारत की मध्यम अवधि की वृद्धि दर को बढ़ाकर 7 प्रतिशत किया गया है, जो FY23 के आर्थिक सर्वे में 6.5 प्रतिशत थी।
भले ही वित्त वर्ष 2026–27 चुनावी साल नहीं है, लेकिन बजट 2026 में सरकार की राजनीतिक प्राथमिकताएं दिख सकती हैं। जिन राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं, उन्हें बजट में खास ध्यान मिल सकता है। इनमें असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी शामिल हैं।
GIFT निफ्टी फ्यूचर्स से संकेत मिल रहे हैं कि बजट 2026 के दिन शेयर बाजार की शुरुआत सुस्त रह सकती है। आज रविवार को यूनियन बजट 2026–27 से पहले NSE और BSE में खास ट्रेडिंग सेशन हो रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज बजट पेश करेंगी।
बजट 2026 में रोजगार बढ़ाने को प्राथमिकता दी जा सकती है। सरकार श्रम आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन दे सकती है। इसके अलावा, स्किल ट्रेनिंग और अप्रेंटिसशिप कार्यक्रमों पर जोर रहने की उम्मीद है। उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजनाओं में भी बदलाव कर उत्पादन, निर्यात और नौकरियों को बढ़ाया जा सकता है।
बजट 2026–27 में हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) पर खास ध्यान रहने की उम्मीद है। सरकार नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी स्टोरेज और इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा दे सकती है। साथ ही, साफ ऊर्जा से जुड़े उपकरणों का देश में उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने के उपाय भी किए जा सकते हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस बार बजट भाषण के तरीके में बदलाव कर सकती हैं। माना जा रहा है कि इस बार भाषण के Part B पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। अब तक के बजट में ज्यादा बातें Part A में होती थीं और Part B में कम घोषणाएं रहती थीं। लेकिन इस बार Part B में सरकार की नीतियों और योजनाओं से जुड़ी ज्यादा और अहम बातें शामिल हो सकती हैं।
आज रविवार, 1 फरवरी को शेयर बाजार खुले रहेंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज केंद्रीय बजट 2026–27 पेश करेंगी। इस मौके पर NSE और BSE में खास ट्रेडिंग सेशन होगा। प्री-मार्केट ट्रेडिंग सुबह 9:00 से 9:08 बजे तक चलेगी। इसके बाद सामान्य कारोबार 9:15 बजे से 3:30 बजे तक होगा।