Stock Market Update, February 1, 2026: भारतीय शेयर बाजार रविवार (1 फरवरी) को सपाट रुख के साथ खुले। बजट पेश होने से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। हालांकि, तिमाही नतीजों के बाद चुनिंदा स्टॉक्स में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मामूली बढ़त के साथ 82,388 अंक पर खुला। खुलते ही इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह 9:30 बजे यह 52.93 अंक या 0.06% चढ़कर 82,322.71 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) लगभग सपाट रुख के साथ 25,333 अंक पर खुला। सुबह 9:31 बजे यह 12.95 अंक या 0.05 फीसदी की गिरावट के साथ 25,307.70 पर कारोबार कर रहा था।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण Union Budget 2026 1 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे पेश करेंगी। रविवार होने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार खुले रहेंगे। पिछले रिकॉर्ड देखें तो बजट पेश होने के बाद बाजार की धारणा पर गहरा असर पड़ता है। यह न केवल दिन के कारोबार बल्कि सेक्टोरल लिहाज से मीडियम टर्म के रुख को भी प्रभावित करता है।
केंद्रीय बजट ऐतिहासिक रूप से भारतीय शेयर बाजारों के लिए हमेशा से महत्वपूर्ण इवेंट्स में से एक रहा है। यह अक्सर शॉर्ट टर्म में बाजार की चाल को तय करता है और नीतियों की दिशा के आधार पर अलग-अलग सेक्टरों के रुझान को प्रभावित करता है। वित्त वर्ष 2026 के लिए आने वाले केंद्रीय बजट में डिफेन्स, कैपेक्स और ओवरऑल इकोनॉमिक स्थिरता पर खास जोर रह सकता है।
यह भी पढ़ें: Stocks to Watch Today: Meesho से Bajaj Auto तक, आज इन शेयरों पर रहेगा निवेशकों का फोकस
वैश्विक स्तर पर शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। इसकी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के फेडरल रिजर्व के पूर्व गवर्नर केविन वार्श को फेड चेयर जेरोम पॉवेल के उत्तराधिकारी के रूप में नामित करना रहा। जिन्हें सख्त मौद्रिक रुख (हॉकिश) वाला माना जाता है।
इसके अलावा, बाजारों ने कॉरपोरेट नतीजों और उम्मीद से ज्यादा रही महंगाई के आंकड़ों को भी पचा लिया। एसएंडपी 500 में 0.43 प्रतिशत की गिरावट आई, टेक शेयरों वाला नैस्डैक कंपोजिट 0.94 प्रतिशत टूटा, जबकि डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.36 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।
एशियाई बाजार भी शुक्रवार को ज्यादातर नुकसान के साथ बंद हुए। एप्पल द्वारा मेमोरी चिप की लागत बढ़ने की चेतावनी दिए जाने और चीन के सरकारी अखबार सिक्योरिटीज टाइम्स के निवेशकों को सट्टेबाजी से सावधान रहने की सलाह देने का असर बाजारों पर पड़ा।
चीन का शंघाई कंपोजिट 0.96 प्रतिशत गिरा, ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 0.65 प्रतिशत लुढ़का और जापान का निक्केई 225 में 0.09 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, दक्षिण कोरिया का कोस्पी व्यापक कमजोरी के उलट 0.06 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ।