भारत

Bengaluru Water Crisis: FM सीतारमण ने बेंगलुरु में जल संकट पर चिंता जताई, सिद्धरमैया सरकार पर निशाना साधा

सीतारमण ने कहा, ‘‘केवल पानी उपलब्ध न होना ही एक समस्या नहीं है। कल से शहर में दुर्भाग्यपूर्ण रूप से हैजा फैलने को लेकर आ रही खबरें भी बहुत चिंताजनक हैं।"

Published by
भाषा   
Last Updated- April 07, 2024 | 8:16 AM IST

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को बेंगलुरु में जल संकट को लेकर राज्य की सिद्धरमैया सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछले साल कर्नाटक में सत्ता में आने के बाद कई सिंचाई तथा जल संबंधी परियोजनाओं व पहलों को रोक दिया।

उन्होंने राज्य में कथित तौर पर बिगड़ती कानून व व्यवस्था की स्थिति के लिए भी कांग्रेस की आलोचना की। यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह बहुत चिंताजनक और दुखद है कि शहर जल संबंधी समस्याओं से जूझ रहा है।

सीतारमण ने कहा, ‘‘केवल पानी उपलब्ध न होना ही एक समस्या नहीं है। कल से शहर में दुर्भाग्यपूर्ण रूप से हैजा फैलने को लेकर आ रही खबरें भी बहुत चिंताजनक हैं…यह चिंता की बात है लेकिन मुझे लगता है यह इसलिए है कि लोगों के पास पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं, दूषित पानी भी लोगों तक पहुंच रहा है और इसके परिणामस्वरूप उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान समर्थक नारे लगाए जाते हैं तो इसका अप्रत्यक्ष समर्थन होता है…यह बहुत बड़ा संकेत है कि यह ठीक है, हम कुछ भी कर सकते हैं और बच सकते हैं।’’

सूखा राहत निधि में देरी के बारे में एक सवाल पर सीतारमण ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने अक्टूबर में ज्ञापन सौंपा और अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल यहां आया था और निरीक्षण किया था। केंद्र का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि सूखा राहत निधि कुछ प्रक्रियाओं के तहत जारी की जाती है और इसमें वक्त लगा था।

First Published : April 7, 2024 | 8:16 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)