भारत

चुनावी राज्यों में भाजपा के प्रभारी नियुक्त

जी किशन रेड्डी जम्मू-कश्मीर के प्रभारी नियुक्त, भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी, शिवराज सिंह चौहान संभालेंगे झारखंड।

Published by
अर्चिस मोहन   
Last Updated- June 17, 2024 | 11:32 PM IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस साल राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनावों के लिए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इससे संकेत मिलता है कि इस साल के अंत तक जम्मू-कश्मीर में चुनाव हो सकते हैं। नड्डा ने चुनावी राज्य महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्ति की है।

पार्टी के बयान के मुताबिक, भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव के दौरान प्रदेश के उप प्रभारी रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हरियाणा का प्रभारी और त्रिपुरा का पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को सह-प्रभारी बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पार्टी की ओर से झारखंड का चुनाव प्रभारी बनाया गया है और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा उप प्रभारी बनाए गए हैं।

हरियाणा विधान सभा का कार्यकाल इस साल 3 नवंबर को महाराष्ट्र विधान सभा कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म होने वाला है। झारखंड विधान सभा का कार्यकाल अगले साल 5 जनवरी को खत्म होगा। जम्मू-कश्मीर में सर्वोच्च न्यायालय ने 30 सितंबर तक चुनाव कराने का आदेश दिया था।

First Published : June 17, 2024 | 11:24 PM IST