Wed in India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीयों द्वारा विदेश में जाकर शादी रचाने के बढ़ते चलन का मुद्दा उठाया और कहा कि लोगों को ‘भारत में ही शादी’ करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि देश का धन देश में ही बना रहे।
गुजरात के अमरेली शहर में बनने वाले खोडलधाम ट्रस्ट कैंसर अस्पताल के शिलान्यास समारोह को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से देश में पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद करने की भी अपील की।
मोदी ने कहा कि लोगों को कैंसर के इलाज में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए उनकी सरकार ने कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमारी के लिए चिकित्सा देखभाल प्रदान करने और सस्ती कीमतों पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगभग 30 नए अस्पताल स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीमारी के शीघ्र निदान में मदद के लिए ग्रामीण स्तर पर 1.5 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य केंद्र) भी बनाए गए हैं।
श्री खोडलधाम ट्रस्ट-कागवाड का प्रबंधन करने वाले लेउवा पाटीदार समुदाय के सदस्यों की सभा को संबोधित करते हुए, मोदी ने कहा, ‘क्या विदेश में शादी करना उचित है? क्या हमारे देश में शादी नहीं हो सकती? भारत का कितना धन बाहर चला जाता है।’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आपको ऐसा माहौल बनाना चाहिए कि विदेश में शादी करने की बीमारी आपके समुदाय में न आए। शादी मां खोडल के चरणों में क्यों नहीं होनी चाहिए? इसलिए मैं कहता हूं ‘वेड इन इंडिया’। शादी हिंदुस्तान में करो। ‘मेड इन इंडिया’ की तरह ‘वेड इन इंडिया’।’ उन्होंने लोगों से देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद करने की भी अपील की।
मोदी ने कहा, ‘जितना संभव हो, पहले अपने देश की यात्रा करें। यदि आप यात्रा करना चाहते हैं, तो अपने देश के भीतर यात्रा करें, पर्यटन को बढ़ावा दें।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज किसी भी व्यक्ति या परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती होती है। सरकार ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि लोगों को इलाज में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा, ‘इस विचार के साथ, लगभग 30 नए कैंसर अस्पताल स्थापित किए गए हैं तथा 10 और कैंसर अस्पतालों पर काम चल रहा है।’ उन्होंने कहा कि कैंसर के इलाज के लिए शीघ्र निदान महत्त्वपूर्ण होने के कारण, केंद्र सरकार ने ग्रामीण स्तर पर 1.5 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए हैं और कैंसर के शीघ्र निदान में मदद करने के लिए इन स्वास्थ्य केंद्रों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया है। मोदी ने कहा कि सरकार के प्रयासों से इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा और स्तन कैंसर का शीघ्र पता लगाने में भी मदद मिली है।