facebookmetapixel
Advertisement
SEBI कसेगा शिकंजा! PMS नियमों की होगी बड़ी समीक्षा, जून 2026 तक जारी कर सकता है कंसल्टेशन पेपरचीन में प्राइवेट इक्विटी कंपनियों को निवेश से बाहर निकलने में क्यों हो रही है मुश्किल?Nippon India MF ने उतारा नया डेट फंड, ₹1,000 से निवेश शुरू; किसे लगाना चाहिए पैसा?टाटा बोर्ड मीटिंग से पहले बाजार में सरगर्मी, इन 6 शेयरों में एक्सपर्ट्स ने बताए टारगेट और स्टॉप लॉसDA Hike 2026: क्या होली से पहले बढ़ेगा महंगाई भत्ता? पिछले 5 साल के ट्रेंड्स दे रहे बड़ा संकेतAditya Birla Sun Life MF ने उतारा नया ETF, ₹500 से टॉप-10 प्राइवेट और सरकारी बैंकों में निवेश का मौकाफिर से सोना-चांदी में जोरदार तेजी, एक्सपर्ट बता रहे क्यों निवेशक इन मेटल में लगा रहे पैसाUltra luxury housing-Gurugram: मुंबई को पीछे छोड़ गुरुग्राम ने रचा हाई-एंड हाउसिंग में इतिहासबैंक जाने का झंझट खत्म! कैसे BC Sakhi कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग पहुंच बढ़ाने में कैसे मदद कर रहा हैFASTag के बाद अब GPS से कटेगा टोल, 1 अप्रैल से बड़ा बदलाव! क्या आपकी लोकेशन होगी ट्रैक?

Rajasthan Elections 2023: कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र, किसानों को ब्याज मुक्त ऋण और 10 लाख युवाओं को नौकरी का वादा

Advertisement

पार्टी ने जातीय जनगणना के बाद अल्पसंख्यकों को उनकी आबादी के अनुसार आरक्षण देने की बात भी की है।

Last Updated- November 21, 2023 | 3:30 PM IST
Congress releases manifesto for Rajasthan polls
Congress releases manifesto for Rajasthan polls

राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र मंगलवार को यहां जारी किया जिसमें उसने दोबारा सत्ता में आने पर किसानों को दो लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण देने, युवाओं को पांच साल में दस लाख रोजगार देने और छोटे व्यापारियों को पांच लाख रुपए तक का कर्ज बिना ब्याज देने सहित कई घोषणाएं की हैं।

इसके साथ ही कांग्रेस ने मुफ्त इलाज की अपनी महत्वाकांक्षी चिरंजीवी योजना में बीमा कवर की राशि को दोगुना कर 50 लाख रुपए करने, जाति जनगणना करवाने तथा सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की निरंतरता हेतु कानून बनाने का वादा किया है।

पार्टी ने जातीय जनगणना के बाद अल्पसंख्यकों को उनकी आबादी के अनुसार आरक्षण देने की बात भी की है। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा तथा वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी के साथ यहां कांग्रेस मुख्यालय में यह ‘जन घोषणा पत्र’ जारी किया।

डॉ जोशी ने कहा ‘‘हम 2030 का मिशन लेकर चल रहे हैं, उसे ही घोषणा पत्र का आधार बनाया गया है। एक नया राजस्थान बनाने के लिए 2030 की कल्पना लेकर हम घोषणा पत्र पेश कर रहे हैं।’’

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस घोषणा पत्र के आधार पर जनता कांग्रेस को जनादेश देगी। पार्टी के इस ‘जन घोषणा पत्र 2’ में कहा गया है, ‘‘कांग्रेस ने देश के सबसे सस्ते, 500 रुपए में सिलेंडर देने की योजना का विस्तार एनएफएसए तथा बीपीएल परिवारों के लिए करने की गारंटी दी है। हम भविष्य में उज्जवला, एनएफएसए तथा बीपीएल परिवारों को और राहत देते हुए 400 रुपए में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाएंगे।’’

किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का वादा करते हुए इसमें कहा गया है कि स्वामीनाथन समिति की सिफारिशों के आधार पर ‘न्यूनतम समर्थन मूल्य’ गारंटी लागू करने के लिए एक विशिष्ट कानून बनाया जाएग। सभी किसानों को सहकारी बैंकों से दो लाख रुपए तक के ब्याज मुक्त कृषि ऋण की सुविधा दी जाएगी। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना ईआरसीपी के क्रमबद्ध कार्यान्वयन के लिए विस्तृत योजना पेश की जाएगी।

इसके अनुसार, राज्य में पांच साल में दस लाख रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इनमें चार लाख सरकारी नौकरियां होंगी। पंचायत स्तर पर भर्ती की एक नई योजना लाई जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जातिगत जनगणना करवाने की बात करते हुए घोषणा पत्र में कहा गया है, ‘‘समाज के सभी तबकों के लिए समान सामाजिक कल्याण की भावना पर आधारित नीति बनाने हेतु वास्तविक जनसंख्या के आधार पर लाभ निर्धारण के लिए जाति आधारित जनगणना कराई जाएगी।’’

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नि:शुल्क चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा की राशि को 25 लाख रुपए सालाना से बढ़ाकर 50 लाख रुपए सालाना करने की घोषणा की है। घोषणा पत्र में कहा गया है कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना की तरह ही एक व्यापारी क्रेडिट कार्ड योजना लागू की जाएगी जिसमें छोटे व्यापारियों, दुकानदारों व युवा उद्यमियों को पांच लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। इसी तरह ऑटो व टैक्सी चालकों को गिग वर्कर्स कल्याण अधिनियम के दायरे में लाने के लिए कानून में संशोधन करने की बात घोषणा पत्र में है। साथ ही कहा गया है कि पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को निरंतर जारी रखने के लिए कानून बनाया जाएगा।

सुशासन के लिए ‘जवाबदेही तथा स्वतः सेवा प्रदायगी कानून’ लाया जाएगा। घोषणापत्र में वे सात गारंटियां भी शामिल हैं जिनकी घोषणा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले ही कर चुके हैं। इनमें परिवार की महिला मुखिया को 10,000 रुपये का वार्षिक सम्मान, 1.05 करोड़ परिवारों के लिए 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर, पशुपालकों से 2 रुपये प्रति किलो की दर से गोबर की खरीद, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का कानून, सरकारी कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को लैपटॉप या टैबलेट देना, प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रति परिवार 15 लाख रुपये तक का बीमा कवर शामिल है। इस अवसर पर खरगे ने राजस्थान को कांग्रेस का मजबूत गढ़ बताते हुए कहा ‘‘ हम वही वादे करते हैं जो पूरा कर सकते हैं।’’ उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार फिर राज्य में कांग्रेस की सरकार आएगी।

खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर आरोप लगाया कि वे जो कहते हैं उस पर प्रतिबद्ध नहीं रहते जबकि वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता की जरूरत होती है। खरगे ने कहा, ‘‘गुजरात में कई कमियां हैं। वहां एक व्यक्ति कम से कम 13 साल तक मुख्यमंत्री रहा और वही व्यक्ति इस देश का प्रधानमंत्री है। (कमियों की) वजह क्या है? प्रतिबद्धता नहीं है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी को ‘झूठों का सरदार’ कहा और इस आरोप को खारिज कर दिया कि उन्होंने उनके (मोदी के) पिता को गाली दी थी। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि पिछले पांच साल में राजस्थान ने खासी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राजस्थान आर्थिक विकास में देश में दूसरे नंबर पर और उत्तर भारत में पहले नंबर पर है।

गहलोत ने कहा कि इस साल के अंत तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था 15 लाख करोड़ रुपये की हो जाएगी और 2030 तक इसे 30 लाख करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर लिखा, ‘‘नंबर 1 राजस्थान का उपाय, जन घोषणा पत्र नया अध्याय। आज राजस्थान के हर वर्ग की जरूरतों, उम्मीदों और सपनों के प्रतिनिधि कांग्रेस जन घोषणा पत्र-II को सार्वजनिक किया। पूर्व की भांति हम इसके एक-एक अक्षर को क्रियान्वित करने के लिए हर एक क्षण समर्पित रहेंगे।’’ उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार चुनावी घोषणा पत्र के आधार पर काम करती है और घोषणा पत्र में किये गये वादों को पूरा करती है।

Advertisement
First Published - November 21, 2023 | 3:30 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement