केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता (DA) में बढ़ोतरी की खबर हमेशा खुशी लेकर आती है। अभी फरवरी 2026 चल रहा है और होली 3 मार्च को है। लेकिन लाखों सरकारी कर्मचारी के मन में एक सवाल है कि क्या इस बार होली से पहले DA में बढ़ोतरी का ऐलान हो जाएगा? और पिछले पांच सालों में ऐसा कब-कब हुआ है? आइए आसान भाषा में सारी चीजों को समझते हैं।
फिलहाल केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स को 58 फीसदी DA मिल रहा है। ये जुलाई 2025 से लागू हुआ था और अक्टूबर 2025 में 3 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद तय हुआ। अब जनवरी 2026 से नई बढ़ोतरी की तैयारी है। लेबर ब्यूरो ने दिसंबर 2025 का ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) 148.2 बताकर जारी किया है। पिछले 12 महीनों का औसत 145.54 निकला।
DA की गणना का फॉर्मूला साफ है: (12 महीने का औसत AICPI × 2.88 – 261.42) ÷ 261.42 × 100। इसमें 2016 बेस को 2001 बेस से जोड़ने के लिए 2.88 का लिंकिंग फैक्टर यूज होता है। नतीजा 60.33 फीसदी आया, जिसे राउंड फिगर में 60 फीसदी माना जाएगा। यानी 2 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। ये बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से मानी जाएगी।
मान लीजिए किसी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है। 58 फीसदी DA पर महंगाई भत्ता 29,000 रुपये होता है। अगर यह बढ़कर 60 फीसदी हो जाती है तो ये 30,000 रुपये हो जाएगा। यानी हर महीने 1,000 रुपये एक्सट्रा मिलेगा।
अगर बेसिक 1 लाख रुपये है तो हर महीने 2,000 रुपये ज्यादा मिलेंगे। छोटे कर्मचारियों, जिनकी बेसिक सैलरी कम होतीहै, उनको भी 400 से 800 रुपये तक की राहत मिलेगी। ये बढ़ोतरी पेंशनर्स को भी डियरनेस रिलीफ (DR) के रूप में मिलेगी। 7th पे कमीशन 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो गया, इसलिए ये पहली बढ़ोतरी नई स्थिति में है।
होली इस बार 3 मार्च को पड़ रही है, जो मार्च की शुरुआत में है। कर्मचारी यूनियन के नेताओं का मानना है कि सरकार होली से पहले ऐलान कर सकती है। कुछ रिपोर्ट्स में भी यही उम्मीद जताई गई है कि मार्च के पहले हफ्ते में कैबिनेट से मंजूरी मिल सकती है।
पहले भी सरकार बड़े त्योहारों से पहले DA का ऐलान करती रही है, जैसे दिवाली के आसपास जुलाई-दिसंबर वाली बढ़ोतरी। लेकिन जनवरी-जून वाली बढ़ोतरी का ऐलान हमेशा फिक्स डेट पर नहीं होता।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद ऑफिशियल ऑर्डर आता है। कुछ मामलों में ऐलान होली के बाद भी हुआ है, लेकिन इस बार यूनियन वाले उम्मीद कर रहे हैं कि होली से पहले खुशखबरी मिल जाए। अभी तक कोई ऑफिशियल डेट नहीं आई है, लेकिन AICPI डेटा जनवरी में आ चुका है, इसलिए प्रोसेस तेज हो सकता है।
पिछले पांच साल देखें तो जनवरी-जून वाली DA बढ़ोतरी का ऐलान ज्यादातर होली के बाद हुआ है, खासकर जब होली मार्च की शुरुआत में पड़ती हो। सिर्फ एक बार अपवाद देखने को मिला। आइए साल-दर-साल देखते हैं:
2025 में होली 14 मार्च को थी। जनवरी-जून वाली बढ़ोतरी (2 फीसदी, नया रेट 55 फीसदी) का ऐलान 28 मार्च को हुआ, यानी होली के बाद।
जुलाई-दिसंबर वाली 3 फीसदी बढ़ोतरी (58 फीसदी) अक्टूबर 1 को आई, दिवाली (21 अक्टूबर) से पहले।
2024 में होली 25 मार्च को थी। जनवरी-जून वाली 4 फीसदी बढ़ोतरी (नया रेट 50 फीसदी) का ऐलान 7 मार्च को हुआ जो होली से पहले हुआ। ये इकलौता बड़ा अपवाद था। जुलाई-दिसंबर वाली 3 फीसदी (53 फीसदी) 16 अक्टूबर को आई, दिवाली (31 अक्टूबर) से पहले।
2023 में होली 8 मार्च को थी। जनवरी-जून वाली 4 फीसदी बढ़ोतरी (42 फीसदी) होली के बाद 24 मार्च को हुई। जुलाई-दिसंबर वाली 4 फीसदी बढ़ोतरी (46 फीसदी) 18 अक्टूबर को हुई जबकि दिवाली 12 नवंबर को थी।
2022 में होली 18 मार्च को थी। जनवरी-जून वाली 3 फीसदी बढ़ोतरी (34 फीसदी) होली के बाद 30 मार्च को आई। जुलाई-दिसंबर वाली 4 फीसदी (38 फीसदी) 28 सितंबर को, दिवाली (24 अक्टूबर) से पहले।
2021 में कोविड की वजह से DA फ्रोजन रहा। जुलाई 2021 में 3 फीसदी (31 फीसदी ) का ऐलान हुआ, लेकिन जनवरी वाली कोई नई बढ़ोतरी नहीं हुई।
| Year | Jan–June DA Announcement | Hike % | New DA Rate | Holi Date | July–Dec DA Announcement | Hike % | New DA Rate | Diwali Date |
|---|---|---|---|---|---|---|---|---|
| 2025 | 28 March | 2% | 55% | 14 March | 1 October | 3% | 58% | 21 October |
| 2024 | 7 March | 4% | 50% | 25 March | 16 October | 3% | 53% | 31 October |
| 2023 | 24 March | 4% | 42% | 8 March | 18 October | 4% | 46% | 12 November |
| 2022 | 30 March | 3% | 34% | 18 March | 28 September | 4% | 38% | 24 October |
| 2021 | DA frozen | — | — | 29 March | 21 October | 3% | 31% | 4 November |
देखा जाए तो जनवरी वाली बढ़ोतरी जब होली शुरुआती मार्च में पड़ती है तो ज्यादातर 20-30 मार्च के बीच आती है। सिर्फ 2024 में थोड़ी जल्दी बढ़ोतरी का ऐलान हो गया। जुलाई वाली बढ़ोतरी अक्सर दिवाली से पहले हो जाती है। ये ट्रेंड बताता है कि सरकार त्योहारों को ध्यान में रखती है, लेकिन प्रक्रिया (AICPI डेटा, कैबिनेट मंजूरी) के हिसाब से समय लगता है। इस बार 2026 में भी होली शुरुआत में है, इसलिए ट्रेंड के मुताबिक ऐलान मार्च के मध्य में हो सकता है, भले ही कुछ उम्मीद होली से पहले की हो।
Also Read: FASTag के बाद अब GPS से कटेगा टोल, 1 अप्रैल से बड़ा बदलाव! क्या आपकी लोकेशन होगी ट्रैक?
DA में ये बढ़ोतरी महंगाई से निपटने में मदद करती है क्योंकि AICPI इंडेक्स में खाने-पीने, कपड़े, किराए जैसी चीजों की कीमतें ट्रैक की जाती हैं। केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनर्स इस पर निर्भर रहते हैं। बेसिक सैलरी पर DA जुड़ता है, जिससे कुल इनकम बढ़ती है। साथ ही HRA जैसे अलाउंस भी कभी-कभी DA पर आधारित होते हैं।
पिछले पांच सालों में DA 31 फीसदी (2021) से बढ़कर 58 फीसदी (2025) तक पहुंचा है। हर छह महीने में रिव्यू होता है और जब औसत इंडेक्स ऊपर जाता है तो बढ़ोतरी तय होती है। इस बार भी दिसंबर 2025 का इंडेक्स नवंबर जितना ही 148.2 रहा, फिर भी औसत से 2 फीसदी का रिजल्ट निकला।
कुल मिलाकर, कर्मचारी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि मार्च में अच्छी खबर आए। चाहे होली से ठीक पहले हो या कुछ दिन बाद, लेकिन फैक्ट ये है कि 60 फीसदी DA जनवरी से लागू होगा और ऐलान जल्द ही होना है।