भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी राष्ट्रीय टीम का पुनर्गठन कर दिया। इस फेरबदल में कई नए चेहरों को शामिल किया गया है तथा कई ऐसे नेताओं को भी जगह दी गई है, जो काफी समय से नजरअंदाज किए जा रहे थे। नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को महासचिव और पूर्व आरएसएस प्रचारक राम माधव को उपाध्यक्ष बनाया गया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया का नाम भी नवनियुक्त 13 उपाध्यक्षों में बरकरार है।
पार्टी ने युवा और अनुभवी नेताओं में संतुलन बनाने की कोशिश की है। पार्टी ने सोमवार को घोषित अपनी नई टीम में शामिल 65 पदाधिकारियों में से 51 नए चेहरे हैं। इनमें छह 40 वर्ष से कम उम्र के हैं जबकि 15 नेता 40 से 49 वर्ष की आयु वर्ग से लिए गए हैं। टीम के 21 सदस्यों की उम्र 50 से 59 वर्ष के बीच है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पदाधिकारियों में 10 महिलाएं भी हैं, जबकि अल्पसंख्यक समुदायों से छह नेता रखे गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह फेरबदल 2029 तक होने वाले सभी विधान सभा चुनावों और अगले आम चुनावों को लेकर भाजपा की तैयारियों को ध्यान में रखकर किया गया है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। संयोग से पीयूष गोयल के पिता वेद प्रकाश गोयल ने भी लंबे समय तक पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। वेद प्रकाश ने तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया था। अब पीयूष गोयल एकमात्र केंद्रीय मंत्री हैं, जिन्हें पार्टी की नई टीम में जगह मिली है। भाजपा ने राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) जैसे महत्त्वपूर्ण पद पर बीएल संतोष को बरकरार रखा है। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार, आठ राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लब कुमार देव तो है हीं, उनके साथ 6 सदस्य नए हैं।
लोक सभा सांसद डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। राजस्थान इकाई के पूर्व अध्यक्ष और सांसद सतीश पूनिया, लोक सभा सांसद गजेंद्र पटेल, राज्य सभा सांसद संजय भाटिया और पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को पहली बार महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरीश द्विवेदी वर्तमान में असम में पार्टी के राजनीतिक मामलों के प्रभारी भी हैं। एक और महत्त्वपूर्ण बदलाव में पार्टी ने अमित मालवीय को आईटी विभाग प्रमुख के पद से हटा दिया है। उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक महस्के को लाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को पुन: राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इन दोनों नेताओं को उनके प्रभावशाली संगठनात्मक कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया है। पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनावों में भाजपा की जीत में बंसल के योगदान का विशेष तौर पर उल्लेख किया गया। राज्य सभा सांसद तरुण चुघ को राज्य सभा सांसद अरुण सिंह की जगह पार्टी का केंद्रीय कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नई टीम में उपाध्यक्षों की संख्या 11 से बढ़ाकर इस बार 13 कर दी गई है, जिनमें से 9 नए चेहरे हैं। राष्ट्रीय महासचिव भी 7 से बढ़ाकर 8 कर दिए गए हैं। नई टीम में पूर्व के 11 के बजाय 16 राष्ट्रीय सचिव रखे गए हैं।
नितिन नवीन ने पार्टी के सभी राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्षों को भी बदल दिया है। भाजपा प्रमुख ने गुजरात के हेमांग जोशी को पार्टी युवा मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने पार्टी सांसद तेजस्वी सूर्या की जगह ली है। छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी ने वनाति श्रीनिवासन की जगह भाजपा के महिला मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली है।
उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य को राज्य सभा सांसद के. लक्ष्मण की जगह ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोषी, महाराष्ट्र की भारती प्रवीण पवार, पंजाब के सरदार मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के एम. नागराज और पश्चिम बंगाल के मधुचन्द्र कर, पार्टी उपाध्यक्षों की नई टीम में शामिल किए गए नए चेहरे हैं। मध्य प्रदेश की कविता पाटीदार, केरल के के. सुरेंद्रन, दिल्ली के संदीप पाठक और प. बंगाल के मनोज तिग्गा सहित कई नए चेहरों को विभिन्न राज्यों के 16 राष्ट्रीय सचिवों की टीम में जगह दी गई है।
भाजपा ने पार्टी सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के रूप में बरकरार रखा है। उनकी सहायता के लिए आशिष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव के रूप में तीन नए मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं। पार्टी ने कहा कि देश के हर प्रमुख धर्म का सम्मान और समायोजन सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय कार्यालय में एक सिख सदस्य, दो ईसाई सदस्य और मुस्लिम, जैन तथा पारसी समुदायों में से एक-एक सदस्य को स्थान दिया गया है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।