Maharashtra Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में महाराष्ट्र में 54.33% मतदान

एसटी-आरक्षित डिंडोरी निर्वाचन क्षेत्र (नासिक जिले में) में सबसे अधिक 62.66 प्रतिशत मतदान हुआ। वही कल्याण जिले में सबसे कम 47.08 प्रतिशत मतदान हुआ।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 21, 2024 | 2:54 PM IST

आम चुनाव के पांचवें चरण में महाराष्ट्र की 13 लोकसभा सीट पर सोमवार को 54.33 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से मिले नवीनतम आकंड़ों से यह जानकारी प्राप्त हुई है।

मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि अंतिम आंकड़े बाद में घोषित किए जाएंगे। सोमवार को 13 सीटों पर हुए मतदान के दौरान मुंबई की छह लोकसभा सीटों पर औसतन 52.27 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि 2019 के आम चुनावों में मुंबई में 55.38 प्रतिशत मतदान हुआ था।

एसटी-आरक्षित डिंडोरी निर्वाचन क्षेत्र (नासिक जिले में) में सबसे अधिक 62.66 प्रतिशत मतदान हुआ। वही कल्याण जिले में सबसे कम 47.08 प्रतिशत मतदान हुआ।

भाजपा ने केंद्रीय मंत्री भारती पवार को डिंडोरी से मैदान में उतारा है, जहां उनका मुकाबला राकांपा के भास्कर भागरे से था। एक अन्य आदिवासी बहुल निर्वाचन क्षेत्र पालघर में 61.65 प्रतिशत हुआ। डिंडोरी के बाद सबसे ज्यादा मतदान वाले जिले में पालघर का नाम दूसरे स्थान पर है। विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे के निर्धारित समय के समापन के बाद भी लोग मतदान करने के लिए कतारों में खड़े थे।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सोमवार को हुए मतदान के दौरान नासिक लोकसभा सीट पर 57.10 प्रतिशत, धुले में 56.61 प्रतिशत, भिवंडी में 56.41 प्रतिशत, मुंबई उत्तर में 55.21 प्रतिशत, मुंबई उत्तर पूर्व में 53.75 प्रतिशत, मुंबई उत्तर पश्चिम में 53.67 प्रतिशत, मुंबई दक्षिण मध्य में 51.88 प्रतिशत, मुंबई उत्तर मध्य में 51.42 प्रतिशत, ठाणे में 49.81 प्रतिशत और मुंबई दक्षिण में 47.70 प्रतिशत मतदान हुआ।

First Published : May 21, 2024 | 1:03 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)