चुनाव

Andhra Pradesh: नायडू चौथी बार बने आंध्र के मुख्यमंत्री

एन. चंद्रबाबू नायडू ने 24 मंत्रियों के साथ ली शपथ, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद

Published by
शाइन जेकब   
Last Updated- June 12, 2024 | 11:32 PM IST

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को केसरपल्ली आईटी पार्क में आयोजित शानदार समारोह में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पांच दशक से अधिक के राजनीतिक करियर में चंद्रबाबू का आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर यह चौथा कार्यकाल है। इस नए रिकॉर्ड के साथ उन्होंने अपने ससुर और पार्टी संस्थापक एनटी रामा राव (एनटीआर) को पीछे छोड़ दिया जो तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।

एनटीआर की तरह नायडू की राजनीतिक यात्रा भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। वह जमीनी स्तर से उठकर राज्य के राजनीतिक फलक पर छाए हैं। धनशोधन के मामले में कुछ महीने पहले ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन, जेल से छूटने के बाद उन्होंने पार्टी के लिए जी-जान लगा दी और सत्ताधारी दल को बहुत बड़े अंतर से हराते हुए वापसी की है।

विधान सभा ही नहीं, उनकी पार्टी ने लोक सभा की 25 में से 16 सीट पर जीत दर्ज कर राजग में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भाजपा, जनसेना पार्टी (जेएसपी) के साथ तेदेपा नीत गठबंधन ने राज्य की 175 में से 164 सीट जीती हैं।

नायडू ने बुधवार को 24 अन्य मंत्रियों के साथ शपथ ली। जनसेना प्रमुख एवं अभिनेता पवन कल्याण को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। मंत्री पद हासिल करने वालों में चंद्रबाबू के बेटे नारा लोकेश भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, जे.पी. नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमण और मशहूर अभिनेता रजनीकांत और चिरंजीवी भी इस मौके के गवाह बने। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने नायडू और अन्य को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के दिन आज पूरा विजयवाड़ा शहर तेदेपा के चिह्न पीले रंग में रंगा हुआ था। हर तरफ पार्टी के झंडे, बैनर, पोस्टर दिखाई पड़ रहे थे। कई दिन पहले से शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी की जा रही थी। रास्तों में हर तरफ प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नायडू, उनके बेटे नारा लोकेश और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के पोस्टर एवं बैनर ही दिखाई दे रहे थे।

शपथ लेने के बाद चंद्रबाबू नायडू को प्रधानमंत्री मोदी ने गले लगाया और उनकी पीठ थपथपाई। बाद में, प्रधानमंत्री ने अभिनेता चिरंजीवी और पवन कल्याण का हाथ पकड़कर उनसे आत्मीयता से बात की और मंच पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम, तमिल सुपरस्टार रजनीकांत और उनकी पत्नी लता के साथ भी बातचीत की। हाल में हुए चुनाव में नायडू ने अपनी कुप्पम सीट बरकरार रखी, जबकि पवन कल्याण और लोकेश ने पिथापुरम और मंगलगिरि विधान सभा क्षेत्रों से जीत हासिल की।

नायडू और लोकेश के अलावा, तेदेपा विधायक के. अच्चेन्नायडू, पी. नारायण, कोल्लू रवींद्र, निम्मला राम नायडू, अनिता वंगालापुडी, अनम रामनारायण रेड्डी, कोलुसु पार्थसारथी, एनएमडी फारूक, पय्यावुला केशव, ए. सत्य प्रसाद, डोला श्री बाला वीरंजनेय स्वामी, गोट्टीपति रवि कुमार, जी संध्या रानी, बीसी जनार्दन रेड्डी, टीजी भारत, एस. सविता, वासमसेट्टी सुभाष, कोंडापल्ली श्रीनिवास और मंडीपल्ली राम प्रसाद रेड्डी ने भी शपथ ली। जनसेना पार्टी से नादेंदला मनोहर और कंदुला दुर्गेश जबकि भाजपा विधायक सत्य कुमार यादव ने मंत्री पद की शपथ ली।

आंध्र प्रदेश विधानसभा की सदस्य संख्या (175) के अनुसार, मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री हो सकते हैं। मंगलवार को अलग-अलग बैठकों में तेलुगु देशम विधायक दल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहयोगियों ने नायडू को अपना नेता चुना था।

First Published : June 12, 2024 | 11:16 PM IST