इक्विटी FDI इनफ्लो चालू वित्त वर्ष के पहले नौ माह अप्रैल-दिसंबर में 15 फीसदी घटकर 36.75 अरब डॉलर रहा है। उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में इक्विटी FDI इनफ्लो 43.17 अरब डॉलर था।
कुल FDI इनफ्लो समीक्षाधीन अवधि में घटकर 55.27 अरब डॉलर रहा जो बीते वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में 60.4 अरब डॉलर था। कुल FDI इनफ्लो में इक्विटी निवेश, कमाई को फिर से निवेश करना और अन्य पूंजी शामिल है।
चालू वित्त वर्ष 2022-23 में अप्रैल-दिसंबर के दौरान 13 अरब डॉलर के FDI के साथ सिंगापुर सबसे बड़ा निवेशक रहा। आंकड़ों के अनुसार, उसके बाद क्रमश: मॉरीशस (4.7 अरब डॉलर), अमेरिका (करीब पांच अरब डॉलर), संयुक्त अरब अमीरात (3.1 अरब डॉलर), नीदरलैंड (2.15 अरब डॉलर), जापान (1.4 अरब डॉलर) तथा साइप्रस (1.15 अरब डॉलर) का स्थान रहा।
यह भी पढ़ें : भारत अब भी ‘ब्राइट स्पॉट’, 2023 में ग्लोबल ग्रोथ में 15% का योगदान देगा: IMF
कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर क्षेत्र में चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में सबसे ज्यादा आठ अरब डॉलर का पूंजी प्रवाह हुआ। उसके बाद सेवा (6.6 अरब डॉलर), कारोबार (4.14 अरब डॉलर), रसायन (1.5 अरब डॉलर), वाहन उद्योग (1.27 अरब डॉलर) और निर्माण (बुनियादी ढांचा) गतिविधियों (1.22 अरब डॉलर) का स्थान रहा।