facebookmetapixel
Advertisement
ब्लूमबर्ग ग्लोबल एग्रीगेट इंडेक्स में भारत के सरकारी बॉन्ड की एंट्री फिर टली, निवेशकों की बढ़ी चिंतागिफ्ट सिटी में ग्लोबल शेयरों की ट्रेडिंग हुई दोगुनी, पहली तिमाही में ₹1.93 अरब डॉलर पहुंचा ट्रेडभारत का R&D खर्च बढ़ा, लेकिन GDP के मुकाबले हिस्सेदारी सिर्फ 0.84%; चीन और ब्राजील से पीछेइलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार ने बनाया नया रिकॉर्ड, 7 महीनों में 10 लाख से ज्यादा EV बिके; TVS सबसे आगेPM मोदी की पोस्ट ब्लॉक होने पर बढ़ा विवाद, मेटा की ग्लोबल टीम से एल्गोरिदम पर होगी सख्त पूछताछकैबिनेट के बड़े फैसले: ‘पीएम सूर्य सरोवर’ योजना मंजूर, पीएम-किसान और खेलो इंडिया को 5 साल का विस्तारसरकार ने ‘समुद्र मंथन’ योजना को दी हरी झंडी, गहरे सागर में तेल-गैस खोज के लिए ₹84,084 करोड़ मंजूरIMD के अलर्ट से बढ़ी चिंता, मॉनसून के दूसरे चरण और अगस्त महीने में सामान्य से कम होगी बारिशबजाज फिनसर्व के Q1 नतीजे मजबूत, मुनाफा बढ़कर ₹6,297 करोड़ पहुंचा, एयूएम में भी बढ़ोतरीओडिशा में 5,600 मेगावॉट क्षमता के दो परमाणु संयंत्र लगाएगा अदाणी समूह, ₹1.5 लाख करोड़ का निवेश प्रस्ताव

IND vs AUS 1st test: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से रौंदा, गाबा के बाद पर्थ का भी तोड़ा घमंड

Advertisement

स्मिथ और मार्नस लाबुशेन मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं जो मेजबान टीम ने चिंता का विषय है।

Last Updated- November 25, 2024 | 1:49 PM IST

IND vs AUS 1st test: कप्तान जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और मोहम्मद सिराज की तूफानी गेंदबाजी से भारत ने सोमवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन 295 रन से हराकर इस देश में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करने के साथ पांच मैच की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।

भारत के 534 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया बुमराह (42 रन पर तीन विकेट) और मोहम्मद सिराज (51 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 58.4 ओवर में 238 रन पर ढेर हो गया।

बुमराह और सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष और मध्य क्रम को ध्वस्त किया जिसके बाद वाशिंगटन सुंदर (48 रन पर दो विकेट), नितीश कुमार रेड्डी (21 रन पर दो विकेट) और हर्षित राणा (69 रन पर एक विकेट) ने निचले क्रम को समेटा। राणा और रेड्डी इस मैच में पदार्पण कर रहे थे।

ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे ट्रेविस हेड ने सर्वाधिक 89 रन बनाए। उन्होंने स्टीव स्मिथ (17) के साथ पांचवें विकेट के लिए 62 और मिचेल मार्श (47) के साथ छठे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की लेकिन ऑस्ट्रेलिया को हार से नहीं बचा पाए। यह ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जबकि एशिया के बाहर दूसरी सबसे बड़ी जीत है।

भारत ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को दिसंबर 1977 में मेलबर्न में 222 रन से हराया था। एशिया के बाहर भारत ने सबसे बड़ी जीत अगस्त 2019 में नॉर्थ साउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ 318 रन से दर्ज की थी।

सिराज ने सुबह के सत्र में शानदार गेंदबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा (04) और खराब फॉर्म से जूझ रहे स्मिथ (17) को पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 12 रन से की और जल्द ही ख्वाजा (04) का विकेट गंवा दिया जो सिराज की गेंद को पुल करने की कोशिश मे हवा में लहरा गए और आईपीएल की नीलामी में रविवार को सबसे महंगे 27 करोड़ रुपये में बिके विकेटकीपर ऋषभ पंत ने आसान कैच लपका।

पिछले कुछ समय से भारत को लगातार परेशान करते आ रहे हेड और स्मिथ ने पांचवें विकेट के लिए 62 रन जोड़कर विकेटों के पतन पर कुछ देर विराम लगाया। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में खराब प्रदर्शन करने वाले सिराज ने हालांकि असमान उछाल वाली पिच पर बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। स्मिथ ने सिराज की अच्छी लेंथ से मूव होती गेंद पर विकेटकीपर पंत को कैच थमाया।

स्मिथ और मार्नस लाबुशेन मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं जो मेजबान टीम ने चिंता का विषय है। हेड ने हालांकि टूटती हुई पिच पर शानदार बल्लेबाजी की और कमजोर गेंद पर रन बनाने का कोई मौका नहीं गंवाया। हेड ने सिराज की गेंद को विकेकीपर के सिर के ऊपर से चार रन के लिए भेजकर सिर्फ 63 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

बुमराह ने हेड को दूसरे सत्र में पंत के हाथों कैच कराके भारत को जीत के करीब पहुंचाया। मार्श भी इसके बाद रेड्डी की गेंद को विकेटों पर खेलकर बोल्ड हो गए।

सुंदर ने चाय से ठीक पहले मिचेल स्टार्क (12) को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराके मेहमान टीम को जीत से दो विकेट दूर पहुंचाया और फिर चाय के ब्रेक के बाद इसी ओवर में नाथन लियोन (00) को बोल्ड किया।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में ऑस्ट्रेलिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज एलेक्स कैरी (36) भारत के जीत के इंतजार को बढ़ा रहे थे लेकिन राणा ने उन्हें बोल्ड करके मेहमान टीम की जीत सुनिश्चित की।

Advertisement
First Published - November 25, 2024 | 1:49 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement