कंपनियां

₹37,000 करोड़ की डील! Tata Motors खरीदने जा रही है मशहूर विदेशी कंपनी Iveco

Corus और JLR के बाद Tata Motors की एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय डील, Iveco की डील से दुनिया भर में बढ़ेगा दबदबा।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 30, 2025 | 9:51 AM IST

टाटा मोटर्स जल्द ही इटली की जानी-मानी ट्रक निर्माता कंपनी Iveco को खरीद सकती है। यह डील करीब $4.5 बिलियन (₹37,000 करोड़ से ज्यादा) की बताई जा रही है। अगर ये डील फाइनल होती है, तो यह टाटा ग्रुप की अब तक की दूसरी सबसे बड़ी डील होगी। इससे पहले कंपनी ने 2007 में Corus Steel को खरीदा था। द इकॉनमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को टाटा मोटर्स और Iveco के बोर्ड की बैठक होने वाली है, जिसमें इस डील को मंजूरी मिल सकती है। इसके तुरंत बाद आधिकारिक ऐलान होने की संभावना है।

Iveco क्या बनाती है?

Iveco एक पुरानी यूरोपीय कंपनी है जो मुख्य रूप से ट्रक, बस और इंजन बनाती है। कंपनी की कुल बाजार पूंजी (मार्केट कैप) $4.9 बिलियन है। इसका हेडक्वार्टर इटली के Turin शहर में है। Iveco की बड़ी हिस्सेदारी इटली की प्रसिद्ध Agnelli फैमिली के पास है। इनकी होल्डिंग कंपनी Exor, Iveco में 27.1% हिस्सेदारी और 43.1% वोटिंग राइट्स रखती है।

रक्षा कारोबार को लेकर भी चर्चा में है Iveco

Iveco ने खुद इस हफ्ते बताया कि वह अपने डिफेंस बिजनेस को बेचने या अलग करने को लेकर कई कंपनियों से बातचीत कर रही है। कंपनी पहले ही कह चुकी है कि वह 2025 के अंत तक इस हिस्से को डील के लिए तैयार करेगी।

किन कंपनियों के जिम्मे है डील को अंजाम तक पहुंचाना?

  • टाटा मोटर्स को इस डील में सलाह दे रहा है Morgan Stanley
  • Agnelli फैमिली और Iveco की ओर से Goldman Sachs कर रही है फाइनेंशियल एडवाइजरी
  • Clifford Chance नाम की अंतरराष्ट्रीय लॉ फर्म इस डील का कानूनी पक्ष संभाल रही है।
  • टाटा मोटर्स इस डील को अपनी नीदरलैंड में स्थित एक कंपनी के ज़रिए पूरा करेगी, जो पूरी तरह उसी की होगी।

इटली की सरकार की नजर में डील

क्योंकि Iveco एक रणनीतिक और रक्षा क्षेत्र से जुड़ी कंपनी है, इसलिए इस डील पर इटली सरकार की नजर है। सरकार का ‘गोल्डन पावर कानून’ ऐसे मामलों में एक्टिव हो जाता है, जो उसे राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डील पर रोक लगाने या शर्तें जोड़ने का अधिकार देता है।

Iveco दुनिया भर में करीब 36,000 लोगों को रोजगार देता है, जिनमें से 14,000 कर्मचारी इटली में ही काम करते हैं।

टाटा को क्या मिलेगा इस डील से?

अगर यह डील फाइनल होती है, तो टाटा मोटर्स को यूरोप के कमर्शियल वाहन मार्केट में बड़ा फायदा मिलेगा। साथ ही, यह उसकी ग्लोबल पहचान को और मजबूत करेगी, खासकर ट्रक और बस सेगमेंट में।

First Published : July 30, 2025 | 9:48 AM IST