वित्त-बीमा

IDFC First Bank की खास सुविधा: अब FD पर मिलेगा क्रेडिट कार्ड, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन पर 5% तक कैशबैक!

IDFC First Bank ने ‘हैलो कैशबैक’ FD-लिंक्ड क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया है, जिसमें 5% तक ऑनलाइन कैशबैक, 1% UPI रिवॉर्ड, ₹10,000 से शुरुआत और आसान फीस वेवर की सुविधा मिलेगी

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- February 16, 2026 | 4:57 PM IST

IDFC फर्स्ट बैंक ने एक नया क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया है, जिसका नाम है ‘हैलो कैशबैक क्रेडिट कार्ड’। यह कार्ड खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो ऑनलाइन शॉपिंग, UPI पेमेंट्स और ऐप से ट्रांजेक्शन आदि डिजिटल तरीकों से जमकर खर्च करते हैं। बैंक का कहना है कि यह कार्ड उन युवाओं के लिए काम का है, जिनकी उम्र 18 साल से ज्यादा है और जो अभी अपनी क्रेडिट हिस्ट्री बनाना शुरू कर रहे हैं।

यह फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से जुड़ा हुआ कार्ड है, मतलब आपको पहले बैंक में FD करनी पड़ती है, और उसी के आधार पर क्रेडिट लिमिट मिलती है। FD कम से कम 10,000 रुपये से शुरू होती है। अच्छी बात यह है कि कार्ड मिलना आसान है, क्योंकि FD होने से अप्रूवल लगभग गारंटीड हो जाता है। कोई भी व्यक्ति, जिसके पास FD करने लायक पैसे हैं, वो इस कार्ड के लिए अप्लाई कर सकते हैं।

कैशबैक के शानदार ऑफर्स

इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत है इसका कैशबैक स्ट्रक्चर, जो काफी पावरफुल और सिंपल है। ऑनलाइन खर्चों पर आपको टियर वाली कैशबैक मिलती है। हर स्टेटमेंट साइकल में पहले 10,000 रुपये तक के ऑनलाइन स्पेंड पर 3% कैशबैक मिलता है। अगर आप इससे ज्यादा खर्च करते हैं, तो अतिरिक्त पैसे पर 5% कैशबैक लगता है। लेकिन ऑनलाइन कैशबैक की लिमिट अधिकतम 1,000 रुपये प्रति साइकल है। कोई भी मर्चेंट रेस्ट्रिक्शन नहीं है, यानी कहीं से भी ऑनलाइन पेमेंट करें, कैशबैक मिलेगा।

इसके अलावा, इन-स्टोर खरीदारी, कॉन्टैक्टलेस पेमेंट और बैंक के ऐप से UPI ट्रांजेक्शन पर 1% कैशबैक मिलता है। खास बात ये है कि ये 1% कैशबैक जरूरी चीजों पर भी लागू होता है, जैसे यूटिलिटी बिल्स, एजुकेशन फीस, इंश्योरेंस, FASTag रिचार्ज, रेलवे बुकिंग, गवर्नमेंट पेमेंट्स, रेंट, ज्वेलरी, वॉलेट लोड और गिफ्ट कार्ड्स आदि पर।

Also Read: एशियाई विकास बैंक का सुझाव: केवल जरूरतमंदों को मिले सब्सिडी, भ्रष्टाचार रोकने के लिए ऑडिट जरूरी

ट्रैवल बुकिंग पर भी एक्स्ट्रा फायदा है। अगर आप IDFC फर्स्ट बैंक के ऐप से फ्लाइट या होटल बुक करते हैं, तो 1% बोनस कैशबैक मिलता है, जिससे कुल कैशबैक 6% तक पहुंच जाता है। पूरे महीने में सभी कैटेगरी से मिलाकर ज्यादा से ज्यादा 1,500 रुपये कैशबैक ही मिल सकता है।

FD से मिलने वाले फायदे और फीस

बैंक का यह कार्ड FD से लिंक्ड है, इसलिए FD पर आपको ब्याज भी मिलता रहता है, और साथ ही कार्ड से खर्च करने पर कैशबैक भी। क्रेडिट लिमिट FD की वैल्यू के बराबर होती है, यानी 100%। अगर जरूरत पड़े तो आप ATM से कैश निकाल सकते हैं, वो भी FD वैल्यू के 100% तक, और 45 दिनों तक बिना इंटरेस्ट के। बस निकासी पर 199 रुपये + GST का चार्ज लगता है। क्रेडिट लिमिट बढ़ानी हो तो आप एक्स्ट्रा FD जोड़ सकते हैं, और ये काम तुरंत हो जाता है।

फीस की बात करें तो जॉइनिंग फी 1,000 रुपये + GST है, लेकिन 31 मार्च 2026 तक ये पूरी तरह फ्री है। सलाना फी भी 1,000 रुपये + GST है, लेकिन अगर एक साल में आपने 2 लाख रुपये या उससे ज्यादा खर्च किए तो पूरी फी वापस मिल जाती है। 1 लाख से 2 लाख के बीच खर्च पर 50% फी वापस होती है।

IDFC फर्स्ट बैंक में क्रेडिट कार्ड्स, FASTag और लॉयल्टी के हेड शिरीष भंडारी कहते हैं, “यह कार्ड उन लोगों के लिए बनाया गया है जो डिजिटल तरीके से खर्च करते हैं और क्रेडिट जर्नी शुरू कर रहे हैं। कम एंट्री पॉइंट, UPI पर कैशबैक और आसान फी वेवर से ये कार्ड रोजमर्रा के डिजिटल पेमेंट्स को रिवॉर्डिंग बना देता है।”

भंडारी कहते हैं, “इस कार्ड में सिक्योरिटी के भी कई फीचर्स हैं, जैसे इंश्योरेंस कवर, परचेज प्रोटेक्शन, लॉस्ट कार्ड लायबिलिटी और रोडसाइड असिस्टेंस। साथ ही 1% फ्यूल सरचार्ज वेवर भी मिलता है।”

First Published : February 16, 2026 | 4:57 PM IST