मान्यवर ब्रांड से ट्रेडिशनल कपड़े बनाने और बेचने वाली कंपनी वेदांत फेशन्स के शेयर सोमवार (16 फरवरी) को 5 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गए। कंपनी के शेयरों में यह तेज गिरावट ब्रोकरेज हाउसेस की तरफ से स्टॉक पर अपना टारगेट प्राइस घटाने और रेटिंग डाउनग्रेड के चलते आई है। ब्रोकरेजीज ने दिसंबर तिमाही के नतीजों के बाद वेदांत फेशन्स पर अपने रुख में बदलाव किया है। वेदांत फैशन्स का नेट लाभ दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में करीब 15% घटकर 134.90 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 157.98 करोड़ रुपये था।
मॉर्गन स्टेनली ने वेदांत फैशन पर अपनी रेटिंग को ‘इक्वल वेट’ से डाउनग्रेड कर ‘अंडरवेट’ कर दिया है। साथ ही टारगेट प्राइस को 37.7 प्रतिशत घटाकर 400 रुपये कर दिया है। जबकि पहले यह 642 रुपये था। इस तरह, शेयर में मौजूदा लेवल से 12 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है।
ब्रोकरेज ने कहा कि वेदांत फेशन्स में पिछले तीन सालों से ग्रोथ कमजोर रही है। यह कंपनी पर लंबे समय से बने दबाव और बढ़ती प्रतिस्पर्धा को दिखाता है।
ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि शेयर का वैल्यूएशन आगे भी घट सकता है।
ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026 से 2028 तक कंपनी के रेवेन्यू अनुमान में 2% की कटौती की है। वहीं, ऑपरेटिंग मुनाफे (EBITDA) के अनुमान में 5% से 7% तक की कटौती की गई है। इसके कारण कंपनी की प्रति शेयर कमाई (EPS) का अनुमान भी 7% से 9% तक घटाया गया है।
नुवामा ने वेदांत फेशन्स पर ‘Hold’ रेटिंग को बरकरार रखा है। लेकिन टारगेट प्राइस 729 रुपये से घटाकर 457 रुपये कर दिया है। यह शेयर के पिछले बंद भाव 455 रुपये के करीब है।
ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पिछले तीन सालों में कंपनी की आय की औसत सालाना बढ़त केवल 3.7 प्रतिशत रही है। वेदांत फैशंस पिछले दो वर्षों से लगातार कमजोर प्रदर्शन कर रही है। कंपनी के मुनाफे पर भी दबाव बढ़ा है। पहले कम उत्पादकता के कारण मुनाफा घटा और अब कंपनी के लगभग 90 प्रतिशत उत्पादों पर वस्तु एवं सेवा टैक्स की दर बढ़ने से लागत बढ़ गई है। कंपनी ने यह बढ़ा हुआ टैक्स खुद झेला है, जबकि बाजार में खरीदारी की रफ्तार पहले से ही धीमी चल रही है।
Also Read: ₹20 तक लुढ़क जाएगा Ola Electric का शेयर? Q3 में आधी हुई कमाई; ब्रोकरेज ने डाउनग्रेड की रेटिंग
वेदांत फेशन्स के शेयर अपने 52 वीक हाई 920 रुपये से 55 प्रतिशत टूट चुके है। स्टॉक का 52 वीक लो 431 रुपये है। एक महीने में शेयर 17 प्रतिशत गिरा है। तीन महीने में शेयर में 30 प्रतिशत और छह महीने में 41.14 प्रतिशत की गिरावट आई है। एक साल में शेयर 50 प्रतिशत और दो साल में 55 प्रतिशत गिरा है। बीएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 10,632 करोड़ रुपये है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)