शेयर बाजार

₹20 तक लुढ़क जाएगा Ola Electric का शेयर? Q3 में आधी हुई कमाई; ब्रोकरेज ने डाउनग्रेड की रेटिंग

Ola Electric Share: ब्रोकरेज ने स्टॉक पर अपनी रेटिंग को डाउनग्रेड कर दिया है। साथ ही स्टॉक पर टारगेट प्राइस भी घटा दिया है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- February 16, 2026 | 1:47 PM IST

Ola Electric Share: इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक के शेयर सोमवार (16 फरवरी) को बाजार खुलते ही 5 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गए। कंपनी के शेयरों में यह गिरावट दिसंबर तिमाही के नतीजों के चलते देखने को मिली। बीती तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 55 फीसदी घटकर 470 करोड़ रुपये रह गया। जबकि एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 1,045 करोड़ रुपये था। नतीजों के बाद ब्रोकरेज हॉउस एमके ग्लोबल ने ओला इलेक्ट्रिक के शेयर पर अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है। पहले से ही दबाव झेल रहे स्टॉक पर ब्रोकरेज सतर्क नजर आ रहे हैं। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर अपनी रेटिंग को डाउनग्रेड कर दिया है। साथ ही स्टॉक पर टारगेट प्राइस भी घटा दिया है।

Ola Electric Stock पर Emkay Global का टारगेट प्राइस: ₹20

एमके ग्लोबल ने ओला इलेक्ट्रिक पर अपनी रेटिंग को डाउनग्रेड कर ‘Sell’ कर दिया है। साथ ही स्टॉक पर अपने टारगेट प्राइस 60 प्रतिशत घटाकर 20 रुपये कर दिया है। जबकि पहले यह 50 रुपये था। इस तरह, शेयर 30 रुपये के मौजूदा लेवल से अभी 33 प्रतिशत और गिर सकता है।

ब्रोकरेज ने कहा कि ओला इलेक्ट्रिक का तीसरी तिमाही का प्रदर्शन कमजोर रहा। हालांकि, इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का लंबी अवधि का थीम अभी भी मजबूत है। ब्रोकरेज के मुताबिक, इलेक्ट्रिक दोपहिया उद्योग में अच्छी बढ़त देखने को मिल रही है। हाल ही में जीएसटी में कटौती के कारण जो गिरावट आई थी, उसके बाद बाजार में फिर से सुधार और मांग बढ़ रही है। लेकिन ओला के मामले में तस्वीर अलग है। कंपनी की बिक्री लगातार घटकर तीसरी तिमाही में करीब 32,000 यूनिट रह गई। साथ ही, कंपनी का बाजार हिस्सेदारी भी कम हुई है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, ओला अब कर्ज वाली स्थिति में आ गई है। वित्त वर्ष 2026 के पहले 9 महीनों तक कंपनी पर करीब 670 करोड़ रुपये का नेट कर्ज हो गया है। जबकि वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में कंपनी के पास करीब 160 करोड़ रुपये का नेट कैश था। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी के लिए पॉजिटिव बात यह हो सकती है कि अगर ओला अपने बैटरी बिजनेस में किसी रणनीतिक निवेशक को हिस्सेदारी बेचती है, तो कंपनी को अच्छा-खासा कैश मिल सकता है।

हाई से 80% नीचे Ola Electric Share

ओला इलेक्ट्रिक के शेयर अपने 52 वीक्स हाई से 80 प्रतिशत नीचे गिर चुके हैं। स्टॉक का 52 वीक्स हाई 71.24 रुपये और 52 वीक्स लो 28.73 रुपये है। हालिया प्रदर्शन पर नजर डाले तो स्टॉक एक महीने में 22 प्रतिशत गिर चुका है। तीन महीने में शेयर में 31 प्रतिशत और छह महीने में 30 प्रतिशत की गिरावट आई है। एक साल में स्टॉक 52 प्रतिशत गिरा है। बीएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 12,778.17 करोड़ रुपये है।

 

 

(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जो​खिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : February 16, 2026 | 1:25 PM IST