फ्रैंकलिन टेम्पलटन ऐसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) ने आज घोषणा की कि संजय साप्रे कंपनी के भारीय कारोबार के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देंगे और जून 2022 से उनकी जगह अविनाश सतवालेकर को नियुक्त किया जाएगा।
सतवालेकर फिलहाल मलेशिया में कंपनी के कारोबार के प्रमुख हैं और उन्हें अध्यक्ष के तौर पर भारत स्थानांतरित किया जाएगा। उनका कार्यकाल 1 अप्रैल 2022 से प्रभावी माना जाएगा। संजय साप्रे फिलहाल कंपनी के भारतीय कारोबार के प्रमुख हैं। साप्रे अब जुलाई 2022 से फ्रैंकलिन टेम्पलटन की डिजिटल रणनीति एवं संपत्ति प्रबंधन इकाई का नेतृत्व करेंगे।
फ्रैंकलिन टेम्पलटन के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम पिछले छह वर्षों के दौरान भारतीय कारोबार का नेतृत्व करने के लिए संजय को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने अप्रैल 2020 के बाद की चुनौतीपूर्ण समय में भी कंपनी का कुशलतापूर्वक नेतृत्व किया। उस दौरान ट्रस्टी ने छह निर्धारित आय वाली योजनाओं को बंद करने का निर्णय लिया था। उसके बाद उन छह योजनाओं की कुल मिलाकर 103 फीसदी प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एयूएम) मूल्य का वितरण निवेशकों के बीच किया गया है।’
साप्रे को 1 अगस्त 2016 को फ्रैंकलिन टेम्पलटन ऐसेट मैनेजमेंट इंडिया का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। जुलाई 2022 से जुलाई 2016 के बीच वह समूह में विभिन्न पदों पर कार्यरत थे। इसमें ग्राहक सेवा एवं ग्राहक परिचालन गतिविधियों के लिए रणनीतिक नेतृत्व के साथ भौगोलिक दायरे में विस्तार शामिल है। उन्हें भारत सहित एशिया प्रशांत क्षेत्र के लिए ग्राहक सेवा के नेतृत्व की जिम्मेदारी दी गई थी।
जुलाई 2022 से अपनी नई भूमिका में साप्रे अपने वितरण भागीदारों को डिजिटल प्रौद्योगिकी को बढ़ाने में मदद करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। वह वैश्विक तौर पर कंपनी की ग्राहक उन्मुख क्षमताओं के विकास और नेतृत्व के लिए जिम्मेदार होंगे। वह अपनी नई भूमिका में भारत में रहेंगे और भारत एएमसी बोर्ड में बरकार रहेंगे।