facebookmetapixel
Stock Market Today: गिफ्ट निफ्टी में तेजी, एशियाई बाजार हरे निशान पर; जापान पीएम इशिबा ने दिया इस्तीफाStocks To Watch Today: अदाणी पावर-भूटान डील, टाटा-महिंद्रा कारें हुईं सस्ती; जानें आज किन स्टॉक्स पर ध्यान देंसीतारमण बोलीं- GST दर कटौती से खपत बढ़ेगी, निवेश आएगा और नई नौकरियां आएंगीबालाजी वेफर्स में 10% हिस्सा बेचेंगे प्रवर्तक, डील की वैल्यूएशन 40,000 करोड़ रुपये तकसेमीकंडक्टर में छलांग: भारत ने 7 नैनोमीटर चिप निर्माण का खाका किया तैयार, टाटा फैब बनेगा बड़ा आधारअमेरिकी टैरिफ से झटका खाने के बाद ब्रिटेन, यूरोपीय संघ पर नजर टिकाए कोलकाता का चमड़ा उद्योगबिज़नेस स्टैंडर्ड के साथ इंटरव्यू में बोलीं सीतारमण: GST सुधार से हर उपभोक्ता को लाभ, मांग में आएगा बड़ा उछालGST कटौती से व्यापारिक चुनौतियों से आंशिक राहत: महेश नंदूरकरभारतीय IT कंपनियों पर संकट: अमेरिकी दक्षिणपंथियों ने उठाई आउटसोर्सिंग रोकने की मांग, ट्रंप से कार्रवाई की अपीलBRICS Summit 2025: मोदी की जगह जयशंकर लेंगे भाग, अमेरिका-रूस के बीच संतुलन साधने की कोशिश में भारत

रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा संभालेंगे टाटा ट्रस्ट की कमान

टाटा समूह (Tata Group) की कंपनियों की हो​ल्डिंग फर्म टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66 फीसदी हिस्सेदारी है। नोएल, सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी ट्रस्ट के अहम न्यासी रहे हैं।

Last Updated- October 11, 2024 | 10:44 PM IST
Noel Tata

दिवंगत रतन टाटा (Ratan Tata) के सौतेले भाई 67 वर्षीय नोएल टाटा (Noel Tata) को तत्काल प्रभाव से टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन नियुक्त किया गया। टाटा ट्रस्ट्स के सभी न्यासियों की आज हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक के बाद जारी बयान में नोएल टाटा ने कहा, ‘मेरे साथी न्यासियों द्वारा मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं रतन नवल टाटा और टाटा समूह के संस्थापकों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। टाटा ट्रस्ट्स का गठन एक सदी से भी पहले किया गया था और यह सामाजिक कल्याण के कार्य करने का अनूठा माध्यम है। इस अवसर पर हम अपने विकास और परोपकारी पहल को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए खुद को समर्पित करते हैं।’

इससे पहले मुंबई में हुई एक अलग बैठक में टाटा ट्रस्ट्स के सभी न्यासियों ने अपने दिवंगत चेयरमैन रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया और न केवल टाटा समूह बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए भी उनके योगदान को याद किया गया।

टाटा समूह (Tata Group) की कंपनियों की हो​ल्डिंग फर्म टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66 फीसदी हिस्सेदारी है। नोएल, सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी ट्रस्ट के अहम न्यासी रहे हैं। उनकी शादी दिवंगत अरबपति उद्योगपति पलोनजी मिस्त्री की बेटी अलू से हुई है।

पलोनजी परिवार के पास टाटा संस की 18.4 फीसदी हिस्सेदारी है। पलोनजी मिस्त्री के बेटे दिवंगत साइरस मिस्त्री को अक्टूबर 2016 में टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए जाने को लेकर रतन टाटा और मिस्त्री के बीच लंबी कानूनी लड़ाई चली थी। 2021 में सर्वोच्च न्यायालय के टाटा के पक्ष में फैसला सुनाए जाने के बाद यह विवाद थमा था। अदालत ने मिस्त्री को पद से हटाए जाने को वैध बताया था।

टाटा और मिस्त्री की लड़ाई के दौरान नोएल तटस्थ थे और अब टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन नियुक्त किए जाने के बाद उम्मीद की जा रही है कि दोनों परिवारों के संबंधों में सुधार आएगा। टाटा परिवार के एक मित्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर कहा, ‘हमें देखना होगा दोनों परिवारों के बीच संबंध कैसे रहते हैं। नेतृत्व में बदलाव को अच्छा संकेत माना जा सकता है।’

नोएल वर्तमान में टाटा समूह की रिटेल इकाई ट्रेंट के चेयरमैन हैं। एक दशक के दौरान देश भर में कारोबार विस्तार से कंपनी के शेयर भाव में 6,000 फीसदी का उछाल आई है। नोएल टाटा स्टील और वोल्टास के बोर्ड में निदेशक भी हैं।

प्रसिद्ध वकील और पारसी समुदाय की मुखर आवाज एचपी रानीना ने कहा, ‘टाटा ट्रस्ट्स की अगुआई करने के लिए नोएल सही पसंद हैं। मुझे उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही टाटा संस के बोर्ड में शामिल किया जाएगा। टाटा समूह के रिटेल कारोबार को बढ़ाने में उन्होंने अच्छा काम किया है। उनके बच्चे लीया, माया और नेविल को भी टाटा ट्रस्ट्स में शामिल किया जाना चाहिए।’रानीना ने कहा, ‘नोएल ट्रेंट और वोल्टास के काम में व्यस्त होंगे, ऐसे में टाटा ट्रस्ट के न्यासी मेहली मिस्त्री रोजमर्रा के कामकाज की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। ’

टाटा समूह की हो​ल्डिंग कंपनी टाटा संस पर टाटा ट्रस्ट्स का काफी प्रभाव है। टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस के बोर्ड में तीन प्रतिनि​धियों को नामित करने का अ​धिकार है और सभी निर्णयों पर वीटो का भी अ​धिकार है। वर्तमान में टीवीएस समूह के मानद चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन और पूर्व प्रशासनिक अ​धिकारी विजय सिंह टाटा संस के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स का प्रतिनि​धित्व करते हैं।

नोएल के बच्चे माया, नेविल और लीया को 2022 में टाटा परिवार की परोपकारी संस्थाओं में न्यासी बनाया गया था। जब 2011 में टाटा समूह रतन टाटा के उत्तराधिकारी की तलाश कर रहा था, उस समय टाटा ने एक विदेशी अखबार को संकेत दिया था कि नोएल के पास आवश्यक कार्य अनुभव की कमी है, जिसके कारण शीर्ष पद के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किया गया।2024 को समाप्त वित्त वर्ष में टाटा ट्रस्ट्स को टाटा संस से अभी तक का सबसे अ​धिक 933.4 करोड़ रुपये का लाभांश मिला था।

First Published - October 11, 2024 | 10:42 PM IST

संबंधित पोस्ट